GT vs PBKS Match Highlights: गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के लिए उन्होंने अपने गेंदबाजों को दोषी ठहराया है।
GT vs PBKS Match Highlights: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 46वां मैच रविवार रात गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में जीटी ने एक गेंद शेष रहते छह विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। 10 में से 6 मैच जीतकर जीटी पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है, जबकि लगातार दूसरी हार के बावजूद पीबीकेएस शीर्ष पर है। इस हार के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने गेंदबाजों को दोषी ठहराते हुए कहा कि हम अपनी लाइन और लेंथ पर गेंद नहीं डाल पाए।
मैच के बाद श्रेयस ने कहा कि मुझे पर्सनली लगता है कि यह एक बेहतरीन स्कोर था, खासकर ऐसी विकेट पर जहां शुरुआत में गेंद थोड़ा हरकत कर रही थी, खासकर नई गेंद। उनके गेंदबाजों ने लेंथ और डेक पर गेंद डालकर पिच का पूरा फायदा उठाया। गेंद सीधे स्टंप्स पर आ रही थी और हमें खुलकर खेलने या रन बनाने के ज्यादा मौके नहीं मिल रहे थे। हमने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे। वहां से 160 रन तक पहुंचना एक जबरदस्त कोशिश थी। नई गेंद के साथ मुझे लगा था कि हम अपनी लाइन और लेंथ पर गेंद डाल पाएंगे और शुरुआती विकेट ले पाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। हालांकि जिस तरह से हमने आखिर तक संघर्ष किया, उस कोशिश की तारीफ होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा रवैया और अप्रोच बहुत बढ़िया था। हम हार्ड लेंथ पर गेंद डालने से चूक गए। इस विकेट पर मिडविकेट के ऊपर से मारना या पुल शॉट खेलना आसान नहीं था, क्योंकि यहां गेंद में असमान उछाल था। यह बैटिंग के लिए कोई अच्छी विकेट नहीं थी। एग्ज़ीक्यूशन के मामले में हम थोड़ा पीछे रह गए। हम अभी भी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हैं और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है। हम इस मैच से कुछ पॉजिटिव बातें सीखेंगे।
अय्यर ने कहा कि आईपीएल में आगे बढ़ते हुए ऐसी पिचों पर खेलना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इससे गेंदबाजों का रवैया भी सामने आता है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ सकता है, खासकर तब जब पिछले मैच में उन पर 50-60 रन पड़े हों और फिर यहां आकर वे बेहतरीन ओवर डालें। हम जीतना चाहते थे, लेकिन बात नहीं बनी।
एसआरएच के खिलाफ अगले मैच को लेकर उन्होंने कहा कि हम बहुत उत्साहित हैं और वे दो पॉइंट्स हासिल करना चाहते हैं। हम ट्रेनिंग में बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे लड़के मैदान के बाहर भी बहुत मेहनत कर रहे हैं। यही सबसे ज्यादा मायने रखता है कि आप मैदान के बाहर क्या करते हैं। अगर आपका कैरेक्टर मजबूत है और रवैया सही है, तो आपको आखिरकार नतीजे जरूर मिलेंगे। हमें बस अपनी बेसिक चीजों और रूटीन पर टिके रहना है और आगे की बहुत ज्यादा चिंता नहीं करनी है।