क्रिकेट

भरतपुर के राहुल चाहर चचेरे भाई की तरह बनना चाहते थे पेसर, लेकिन एक गेंद ने बना दिया लेग-स्पिनर

Rahul Chahar Birthday: राजस्थान के भरतपुर में 4 अगस्त 1999 को जन्मे राहुल चाहर भी अपने चचेरे भाई दीपक चाहर की तरह तेज गेंदबाज बनना चाहते थे, लेकिन प्रैक्टिस के दौरान दीपक को फेंकी उनकी गेंद ने उन्‍हें लेग स्पिनर बना दिया। इसके बाद उन्‍होंने एक बाद एक कई उपलब्धियां हासिल कीं।
2 min read
Aug 03, 2026
Rahul Chahar, Rahul Chahar Birthday,
भारतीय स्पिनर राहुल चाहर। (फोटो सोर्स: IANS)

Happy Birthday Rahul Chahar: भारतीय लेग स्पिनर राहुल चाहर का मंगलवार को जन्‍मदिन है। एक समय अपने चचेरे भाई की तरह तेज गेंदबाजी करने वाले राहुल चाहर की गिनती आज प्रतिभाशाली लेग स्पिनर्स में होती है। उन्‍होंने घरेलू क्रिकेट में राजस्थान और आईपीएल में विभिन्न टीमों के लिए क्रिकेट खेला। राहुल अपनी सटीक गेंदबाजी, नियंत्रण और विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने भारतीय टीम के लिए भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। फिलहाल वह आईपीएल में ही नजर आते हैं।

खासियत लेगब्रेक गुगली

राजस्थान के भरतपुर में 4 अगस्त 1999 को जन्मे राहुल चाहर ने अपने चचेरे भाई दीपक चाहर के साथ ही क्रिकेट खेलना शुरू किया था। शुरुआत दौर में राहुल भी तेज गेंदबाजी ही करते थे, लेकिन उसमें इतनी धार नहीं थी। एक दिन प्रैक्टिस के दौरान राहुल ने दीपक को एक लेग-ब्रेक गेंद फेंकी, जिसे देखकर उन्हें लेग-स्पिनर बनने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्‍होंने लगातार अपनी गेंदबाजी में सुधार किया। उनकी खासियत लेगब्रेक गुगली है।

मुंबई इंडियंस के लिए 39 मैचों में 41 विकेट लिए

दीपक चाहर की तरह राहुल ने भी राजस्थान की तरफ से रणजी ट्रॉफी खेली। उन्होंने 2016-17 में अपना फर्स्ट-क्लास और लिस्ट ए डेब्यू किया। राहुल चाहर को आईपीएल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की तरफ से खेलने का मौका मिला, उन्होंने 3 मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए। मुंबई इंडियंस के लिए अगले तीन सीजन में राहुल ने कुल 39 मैचों में कुल 41 विकेट लिए। 2022 में राहुल चाहर पंजाब किंग्स के साथ जुड़े। इस टीम के लिए उन्होंने तीन सीजन में कुल 36 मुकाबले खेलते हुए 32 विकेट निकाले। साल 2025 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, जबकि साल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से 1-1 मैच खेला।

2019 में किया अंतरराष्‍ट्रीय डेब्‍यू

6 अगस्त 2019 को राहुल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया। इस साल उन्हें सिर्फ एक ही टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में चुना गया, जिसमें 1 विकेट निकाला। इसके बाद राहुल ने साल 2021 में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें कुल 6 विकेट निकाले। जुलाई 2021 में उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। राहुल ने 23 जुलाई 2021 को अपना पहला और इकलौता वनडे मैच खेला, जिसमें 54 रन देकर 3 विकेट हासिल करने के अलावा, बल्ले से 13 रन भी बनाए।

सटीक गुगली से बल्लेबाजों को किया परेशान

गेंद की रफ्तार को चतुराई से बदलने में माहिर राहुल ने अपनी सटीक गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया है। टी20 क्रिकेट में वह रनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने में कामयाब नजर आए हैं, जिन्होंने बल्लेबाजों को अपने सामने रक्षात्मक क्रिकेट खेलने के लिए मजबूर किया है। एक भरोसेमंद लेग स्पिनर के रूप में पहचान बनाने वाले इस खिलाड़ी ने अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

Updated on:
03 Aug 2026 09:50 pm
Published on:
03 Aug 2026 09:50 pm