क्रिकेट

Harshit Rana Comeback: तीसरे वनडे से पहले हर्षित राणा की हुई भारतीय टीम में एंट्री, लेकिन कोई खिलाड़ी नहीं हुआ बाहर

IND vs AFG 3rd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे वनडे से पहले बीसीसीआई ने हर्षित राणा को भारतीय टीम में शामिल कर लिया है। चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे हर्षित ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा कर लिया है।

2 min read
Jun 19, 2026
harshit rana
भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा (फोटो- ESPNcricinfo)

Team India ODI Squad Update: अफगानिस्तान और भारत के बीच खेले जाने वाले तीसरे वनडे से पहले बीसीसीआई ने स्क्वाड को अपडेट कर दिया है। टीम में हर्षित राणा की वापसी हो गई है, जो टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल हो गए थे। आपको बता दें कि हर्षित राणा इस मुकाबले में किसी खिलाड़ी को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार की सुबह बीसीसीआई ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि हर्षित राणा को चेन्नई वनडे से पहले भारतीय टीम में जोड़ दिया गया है।

कोई खिलाड़ी नहीं होगा बाहर

बीसीसीआई ने लिखा कि हर्षित राणा ने अपना रिहैबिलिटेशन बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पूरा कर लिया है और अब चयन समिति ने उन्हें तीसरे वनडे से पहले भारतीय टीम में शामिल कर लिया है। आपको बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है। तीसरा और आखिरी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 20 जून को खेला जाएगा।

सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला गया था, जो बारिश की वजह से प्रभावित रहा था। इसके कारण 25-25 ओवर का मुकाबला हुआ था और भारतीय टीम ने 7 विकेट से मैच जीत लिया था। दूसरा मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने 402 रन बना डाले थे और अफगानिस्तान की टीम 232 रन पर सिमट गई थी। सीनियर गेंदबाजों की अनुपस्थिति में युवा गेंदबाजी आक्रमण ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या हर्षित राणा को तीसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी।

हर्षित राणा उन खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया में जगह बनाई थी। उन्होंने अब तक 2 टेस्ट, 14 वनडे और 9 टी20 मुकाबले खेले हैं। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर उन्हें 2027 में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्डकप का प्रमुख हथियार मानते हैं। हालांकि अब तक वह किसी भी फॉर्मेट में प्रभावित नहीं कर पाए हैं और लगातार उनके सेलेक्शन पर सवाल उठते रहे हैं।

तीसरे वनडे के लिए अपडेटेड टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा।

Published on:
19 Jun 2026 09:52 am