क्रिकेट

MLC 2026: वॉशिंगटन फ्रीडम ने तोड़ा पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड, 112 गेंद में चेज कर लिया टी20 इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य

Major League Cricket 2026: मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम ने 267 रन का लक्ष्य सिर्फ 18.4 ओवर में हासिल कर टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज कर दिया। स्टीव स्मिथ और एंड्रियास गौस के शतकों ने पंजाब किंग्स का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
2 min read
Jul 16, 2026
Kieron Pollard and Steve Smith
कायरन पोलार्ड और स्टीव स्मिथ (फोटो- MLC)

Highest Run Chase in T20 Cricket History: गुरुवार को मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में वॉशिंगटन फ्रीडम ने टी20 क्रिकेट का इतिहास बदल दिया और 267 रन के विशाल लक्ष्य को 8 गेंद रहते हासिल कर लिया। ऑकलैंड कोलोसियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 266 रन बनाए। जवाब में वॉशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज अपने नाम दर्ज कर लिया।

मैच में लगे 51 छक्के और 3 शतक

इस मुकाबले में कुल 51 छक्के लगे, जबकि तीन शतकीय पारियां भी देखने को मिलीं। सबसे पहले निकोलस पूरन ने 31 गेंदों में शतक जड़ा। इसके बाद वॉशिंगटन फ्रीडम के लिए स्टीव स्मिथ ने नाबाद 110 रन और एंड्रियास गौस ने 132 रन की तूफानी पारी खेली।

स्टीव स्मिथ और एंड्रियास गौस की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत वॉशिंगटन फ्रीडम ने पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन का लक्ष्य हासिल किया था, जो इससे पहले टी20 इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज था।

निकोलस पूरन ने 31 गेंदों में ठोका शतक

वॉशिंगटन फ्रीडम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एमआई न्यूयॉर्क की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मोनांक पटेल 2 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डी कॉक और निकोलस पूरन के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हुई। डी कॉक 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निकोलस पूरन ने सिर्फ 31 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके बाद किरोन पोलार्ड ने 25 गेंदों में 64 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत एमआई न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 266 रन बनाए।

267 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। मिचेल ओवेन पारी की तीसरी ही गेंद पर शाकिब अल हसन का शिकार बन गए। इसके बाद रचिन रविंद्र भी तीसरे ओवर में आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद एंड्रियास गौस और स्टीव स्मिथ ने चौकों-छक्कों की बारिश कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

वॉशिंगटन फ्रीडम ने बदल दिया इतिहास

एंड्रियास गौस ने 51 गेंदों में 10 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 132 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों में नाबाद 110 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। गौस के आउट होने के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने स्मिथ का साथ दिया और दोनों ने मिलकर वॉशिंगटन फ्रीडम को 18.4 ओवर में ऐतिहासिक जीत दिला दी।

स्कोरविपक्षी टीमतारीख
270/4MI न्यूयॉर्क16 जुलाई 2026
262/2कोलकाता नाइट राइडर्स26 अप्रैल 2024
259/4वेस्टइंडीज26 मार्च 2023
254/3सरे22 जून 2023
247/2पंजाब किंग्स12 अप्रैल 2025
246/4सर्बिया26 जून 2022
245/5न्यूजीलैंड16 फरवरी 2018
244/4जिब्राल्टर11 जुलाई 2025
244/6पेशावर जाल्मी10 मार्च 2023
243/2पेशावर जाल्मी8 मार्च 2023
242/6जमैका तलावाह्स10 सितंबर 2019
Updated on:
16 Jul 2026 01:21 pm
Published on:
16 Jul 2026 01:21 pm