
नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद के स्पिनर राशिद खान इस आईपीएल में सबसे ज्यादा चर्चित हुए हैं। यूं तो राशिद की घातक गेंदबाजी की कहानियां पहले से चल रही थी। लेकिन आईपीएल के दौरान उन्होंने जिस तरीके से गेंदबाजी की, उससे भारत के क्रिकेट फैंन राशिद के कायल हो चुके है। राशिद की गेंदबाजी में काफी विविधता है, जिसके चलते उनकी गेंदबाजी पर रन बनाना आसान नहीं होता। राशिद के दम पर हैदराबाद ने कम स्कोर बना कर भी कई मैचों में जीत हासिल की है। अपनी घातक और विविधतापूर्ण गेंदबाजी के बारे में राशिद खान ने एक बड़ा बयान दिया है। राशिद का कहना है कि उनकी गेंदबाजी में विविधता उनके 6 भाईयों की देन है।
भाईयों की देन है मेरी गेंदबाजी -
सनराइजर्स हैदराबाद के अहम गेंदबाज राशिद खान ने ईसपीएनक्रिसइन्फो से बात करते हुए यह बात कही। राशिद ने कहा कि लेग-स्पिन गेंदबाजी और उनके प्रदर्शन में विविधता उनके छह भाईयों की देन है। राशिद ने कहा कि उनके सभी भाईयों को क्रिकेट से प्रेम है और वे सभी लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं।
पढ़े क्या कहा राशिद ने -
राशिद ने कहा कि मैंने लेग स्पिन गेंदबाजी अपने छह भाईयों से सीखी है। वे सभी क्रिकेट प्रेमी हैं और लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्हीं की वजह से मेरे खेल में इतनी विविधता है। ऐसे में मेरा यह प्रदर्शन प्राकृतिक है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के युवा गेंदबाज राशिद ने कहा कि मेरे भाईयों और मेरी स्पिन गेंदबाजी में हालांकि, एक फर्क है। मैं शुरुआत में तेजी से गेंद फेंकता था। उन्होंने मेरी गेंदबाजी में इसकी पहचान की। ऐसे में मुझे यह एहसास हुआ कि मैं स्वाभाविक रूप से ही गुगली फेंकता हूं।
राशिद का परचम लहरा रहा है-
आईपीएल 11 में राशिद अबतक 10 मैचों से 13 विकेट हासिल किए है। राशिद की गेंदबाजी की सबसे खास बात यह है कि उनके खिलाफ रन भी काफी कम बने है। राशिद ने अबतक 40 ओवर की गेंदबाजी की है, जिसमें उनके खिलाफ मात्र 286 रन ही बने है। जो आईपीएल के लिए काफी किफायदी माना जाता है।