क्रिकेट

Champions Trophy Final: न्यूजीलैंड से चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल हार चुकी है टीम इंडिया, 25 साल से बदले का इंतजार

India vs New Zealand: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में टीम इंडिया दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में न्यूजीलैंड का सामना करेगी।
2 min read
• •
Updated: 7 Mar 2025, 2:41 PM IST
IND vs NZ Champions Trophy

IND vs NZ Champions Trophy 2025: 9 मार्च 2025 को आईसीसी मेंस चैंपियंस ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें खिताब जीतने के लिए दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने सामने होंगी। 25 साल पहले भी इसी इवेंट के फाइनल में दोनों टीमें आमने सामने हुई थीं। सौरव गांगुली की कप्तानी वाली टीम इंडिया तब 4 विकेट से मुकाबला हार गई थी। 25 साल के बाद भारतीय क्रिकेट टीम फिर से उसी विरोधी के सामने उसी इवेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उनके पास पुराना हिसाब बराबर करने का मौका होगा।

दोनों टीमों के सफर पर एक नजर

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल तक पहुंचने के लिए भारतीय टीम ने अब तक सभी मुकाबले जीते हैं तो कीवी टीम को सिर्फ टीम इंडिया से ही हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमें ग्रुप A में थीं, जहां भारत ने अपने तीनों मैच जीते तो न्यूजीलैंड की टीम ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को तो हरा दिया लेकिन रोहित शर्मा एंड कंपनी के सामने पस्त हो गई। इसके बावजूद ग्रुप में वो दूसरे स्थान पर रही और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। अंतिम 4 में उन्होंने साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।

अब दोनों टीमें 9 मार्च को फिर से आमने सामने होंगी। टीम इंडिया का आईसीसी इवेंट्स के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल हारने के बाद टीम इंडिया 2021 में कीवी टीम से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी हार गई थी। अब तक दोनों टीमें 2 बार आईसीसी इवेंट्स के फाइनल में भिड़ी हैं और दोनों बार न्यूजीलैंड को सफलता मिली है। हालांकि 2000 में हारने के बाद टीम इंडिया 3 बार फाइनल में पहुंची, जिसमें से 2 चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा किया तो न्यूजीलैंड की टीम साल 2000 के बाद सिर्फ 2009 में फाइनल में पहुंची और ऑस्ट्रेलिया से खिताबी मुकाबला हार गई।

कैसा रहा था 2000 का फाइनल

साल 2000 में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सौरव गांगुली के शानदार शतक और सचिन तेंदुलकर के अर्धशतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 264 रन बनाए। 265 रन के लक्ष्य को कीवी टीम ने क्रिस क्रेंस के नाबाद 102 रनों की पारी की बदौलत 2 गेंद पहले 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उस मैच में ओपनर्स के अलावा टीम इंडिया को कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सका, तो गेंदबाजी के दौरान अजीत अगरकर और जाहिर खान की जमकर कुटाई हुई थी, जिसकी वजह से टीम इंडिया को खिताबी मुकाबला में हार झेलनी पड़ी थी।

Updated on:
7 Mar 2025, 2:41 PM IST
Published on: