
ICC freezes Cricket Canada funds: क्रिकेट कनाडा को बड़ा झटका लगा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गवर्नेंस से जुड़ी चिंताओं के कारण छह महीने के लिए उसकी फंडिंग रोक दी है। यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है, जब पिछले साल कई एडमिनिस्ट्रेटिव से जुड़े विवादों की वजह से कनाडाई क्रिकेट पहले से ही कड़ी जांच के दायरे में है। इस कार्रवाई से उसके क्रिकेट ऑपरेशन या हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्राम पर तत्काल असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। लेकिन, आईसीसी पर निर्भरता क्रिकेट कनाडा को फाइनेंशियली बुरी तरह प्रभावित कर सकती है।
63 फंडिंग करता है आईसीसी
बता दें कि इसी हफ्ते की शुरुआत में ईएसपीएनक्रिकइंफो ने रिपोर्ट में क्रिकेट कनाडा को फंडिंग फ्रीज करने के बारे में बताया था। क्रिकेट कनाडा के 2024 में खत्म होने वाले साल के फाइनेंशियल स्टेटमेंट के मुताबिक, उसके कुल रेवेन्यू का लगभग 63 प्रतिशत सीधे आईसीसी फंडिंग से आया। बोर्ड ने CAD$5.7 मिलियन (लगभग 40 करोड़ रुपये) के कुल रेवेन्यू में से आईसीसी से लगभग CAD$3.6 मिलियन (लगभग 40 करोड़ रुपये) कमाए।
आईसीसी ने फैसले के पीछे के सही कारणों का अभी तक ऑफिशियली खुलासा नहीं किया है। हालांकि, कनाडा के इन्वेस्टिगेटिव प्रोग्राम द फिफ्थ एस्टेट ने हाल ही में क्रिकेट कनाडा के अंदर गवर्नेंस स्टैंडर्ड और फाइनेंशियल ओवरसाइट से जुड़ी चिंताओं समेत आईसीसी पॉलिसी के उल्लंघन के आरोप की रिपोर्ट दी है।
बोर्ड हाल के महीनों में विवादों में घिरा रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ कनाडा के टी20 वर्ल्ड कप मैच की अभी आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) जांच कर रही है। यह जांच सीबीसी पर दिखाई गई 43 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री के बाद हो रही है, जिसमें क्रिकेट कनाडा के एडमिनिस्ट्रेशन के बारे में कई आरोप लगाए गए हैं।
इसी समय, कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहान से जुड़ी एक फोन बातचीत के लीक होने के बाद एसीयू की एक और अलग जांच भी चल रही है। उस रिकॉर्डिंग में चौहान ने कथित तौर पर दावा किया था कि बोर्ड के पूर्व सीनियर अधिकारियों ने उन पर नेशनल टीम के लिए कुछ खास खिलाड़ियों को चुनने का दबाव डाला था। ऑडियो में कथित तौर पर मैच-फिक्सिंग करप्शन की कोशिशों से जुड़े आरोप भी शामिल थे।
क्रिकेट कनाडा के मीडिया मैनेजर जिमी शर्मा ने द फिफ्थ एस्टेट को बताया कि मौजूदा बोर्ड को ये मुद्दे विरासत में मिले हैं और वह सभी गवर्नेंस, कम्प्लायंस और फाइनेंशियल कंट्रोल की कमियों को दूर करने के लिए पूरी तरह से कमिटेड है। ICC ने अभी तक कोई ऑफिशियल पब्लिक स्टेटमेंट जारी नहीं किया है, जबकि क्रिकेट कनाडा ने भी सस्पेंशन के बारे में अभी तक कोई डिटेल्ड जवाब जारी नहीं किया है।