
ICC Men's ODI Batting Rankings Update: आईसीसी ने बुधवार को वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है। टॉप-5 बल्लेबाजों में भारतीय कप्तान शुभमन गिल दूसरे, विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर हैं। जबकि न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल शीर्ष पर हैं। पाकिस्तान को इस रैंकिंग में नुकसान हुआ है, क्योंकि दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम छठे स्थान से सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।
आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल अब शीर्ष पर पहुंचने के बेहद नजदीक पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 75 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 80 रन की पारी बदौलत अब वह टेबल टॉपर बनने से सिर्फ 12 रेटिंग पॉइंट्स पीछे हैं।
भारत के खिलाफ 76 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 76 रनों की पारी खेलने वाले इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में 6 स्थान की छलांग लगाई है। अब वह 19 से सीधे 13वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के शे होप छठे और पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। होप को एक स्थान का फायदा हुआ है, जबकि बाबर आजम को एक स्थान का नुकसान हुआ है। आयरलैंड के हैरी टैक्टर आठवें, श्रीलंका के चरिथ असलांका नौवें और श्रीलंका के कुसाल मेंडिस दसवें स्थान पर हैं।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में टॉप-5 गेंदबाजों में शीर्ष पर अफगानिस्तान के राशिद खान हैं तो दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के अबरार अहमद और तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज हैं। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर चौथे स्थान और श्रीलंका के महीश तीक्षणा पांचवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के आदिल रशीद छठे, न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर सातवें स्थान पर हैं। जबकि भारत के कुलदीप यादव आठवें स्थान पर बने हुए हैं, तो पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी 9वें और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज 10वें पायदान पर हैं।