
ODI World Cup 2023 Schedule : क्रिकेट फैंस को लंबे इंतजार के बाद आज 27 जून बेहद खास खबर मिलने वाली है। बीसीसीआई की ओर से भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन आज 12 बजे वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी करेंगे। इसके साथ ही आज से 100 दिन का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा। क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार होगा, जब पूरा वनडे वर्ल्ड कप ही भारत की सरजमीं पर ही खेला जाएगा। बताया जा रहा है कि वर्ल्ड कप शेड्यूल को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अड़ंगा डाल रखा था। पीसीबी भारत के खिलाफ अहमदाबाद के मैच को किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट करने की मांग कर रहा था। अब पाकिस्तान अहमदाबाद में खेलने को राजी हो गया है।
दरअसल, पीसीबी भारत के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच नहीं खेलना पर अड़ा था। इतना ही नहीं वह ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले अपने मैच के वेन्यू बेंगलुरु और चेन्नई को भी आपस में बदलने की बात कर रहा था।
पीसीबी का कहना था कि बीसीसीआई ने जानबूझकर सभी वेन्यू चुने हैं। लेकिन, आईसीसी और बीसीसीआई ने पीसीबी की मांग ठुकरा दी। इसके बाद आखिरकार पीसीबी अब इन वेन्यू पर खेलने को राजी हो गया है।
औपचारिक मीटिंग के बाद शेड्यूल का ऐलान
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीसीबी की सहमति के बाद अब अब आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आज मंगलवार को मुंबई में एक औपचारिक मीटिंग के बाद 12 बजे भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी वनडे वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान करेगा। इस मौके पर बीसीसीआई सचिव जय शाह, आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस के साथ भारत पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन भी मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें : होल्डर ने सुपर ओवर में लुटाए 30 रन, वर्ल्ड कप से लगभग बाहर हुई वेस्टइंडीज
100 दिन बाद वर्ल्ड कप का आगाज
बता दें कि आज 27 जून को वर्ल्ड कप 2023 का शेड्यूल जारी होने के ठीक 100 दिन बाद 5 अक्टूबर को क्रिकेट के महाकुंभ का आगाज होगा। उद्घघाटन मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और पिछली बार की रनरअप न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। वहीं टीम इंडिया का पहला मैच 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेलने उतरेगी। जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में मुकाबला खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें : स्पेस में लॉन्च हुई आईसीसी वर्ल्ड कप ट्रॉफी, 1.2 लाख फीट से दिखा ऐसा नजारा