
नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने टी-20 की रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में अफगानिस्तान के युवा गेंदबाज राशिद खान का खासा फायदा मिला है। वे वनडे के बाद टी-20 में नंबर वन की कुर्सी पर आ गए है। जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ संपन्न हुए तीन टी-20 मुकाबलों में सामान्य प्रदर्शन करने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को तीन स्थानों का नुकसान हुआ है। कोहली को 6 अंकों का नुकसान हुआ है। अब वे छठे स्थान पर आ गए हैं।
जबकि टी-20 गेंदबाजों की विश्व रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई तीन टी-20 मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 20 स्थानों की छलांग लगाते हुए 12वां स्थान हासिल किया है।
राशिद खान को मिला बड़ा फायदा -
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम करने वाली अफगानिस्तान टीम के गेंदबाज राशिद खान ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में भी पहला स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले, राशिद ने वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया था। भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस रैंकिंग में खिसकर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के गेंदबाज ईश सोढी दूसरे, वेस्टइंडीज के सैमुएल बद्री तीसरे और पाकिस्तान के इमाद वसीम चौथे स्थान पर है।
बल्लेबाजों में कोलिन मुनरो पहले स्थान पर -
इसके अलावा, टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो ने पहला स्थान हासिल किया है। मुनरो ने तीन स्थान ऊपर उठ कर पहले स्थान पर कब्जा जमाया है। आस्ट्रेलिया के ग्लैन मैक्सवेल ने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में 233 रन बनाकर और तीन विकेट लेकर टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर 14 स्थानों की छलांग अपने करियर की सर्वोच्च 28वीं रैंकिंग हासिल की है।
मार्टिन गुप्टिल ने भी लगाई लंबी छलांग -
इस रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर आजम तीसरे, आस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच चौथे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने छह स्थानों की छलांग लगाते हुए पांचवां स्थान हासिल किया है। हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में मैक्सवेल पहले स्थान पर हैं। इसमें बांग्लादेश के शाकिब अल-हसन दूसरे, अफगानिस्तान मोहम्मद नाबी तीसरे स्थान पर हैं।