
ICC Cricket World Cup Qualifier Playoff 2027: आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2027 में जगह बनाने के लिए नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात समेत आठ टीमें भिड़ेंगी। इन टीमों के बीच टॉप 4 स्थान हासिल करने के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। 4 से 21 दिसंबर तक काठमांडू में क्वालीफायर्स खेले जाएंगे। मतलब 21 दिसंबर 2026 को ये पता चल जाएगा कि वर्ल्डकप 2027 के क्वालीफायर्स में कौन कौन सी टीमें हिस्सा लेंगी।
आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा। पहले दिन मेजबान नेपाल का सामना इटली से होगा। यह मुकाबला त्रिभुवन यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। वहीं, इसी समय मुलपानी क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और युगांडा की टीमें आमने-सामने होंगी। कनाडा, कुवैत, जर्सी और यूएई भी क्वालीफायर में प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस क्वालीफायर के जरिए आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए आखिरी चार टीमों का फैसला होगा।
आयरलैंड और वेस्टइंडीज पहले ही ग्लोबल क्वालीफायर में जगह बना चुके हैं। ये दोनों टीमें वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली आठ टीमों के बाद सबसे अच्छी रैंकिंग वाली टीमें हैं। हालांकि, इसमें मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल नहीं हैं। वहीं, अमेरिका, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के जरिए ग्लोबल क्वालीफायर में अपनी जगह बनाई है। ग्लोबल क्वालीफायर में पहले स्थान पर रहने वाली टीम को आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के ग्रुप स्टेज में सीधी एंट्री मिलेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें नई बनी 'सुपर सीरीज' में शामिल होंगी।
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होगा। इस टूर्नामेंट में 14 टीमें 12 वेन्यू पर कुल 57 मुकाबले खेलेंगी।
ग्लोबल क्वालीफायर में कुल 10 टीमें खेलेंगी। इसके लिए 6 टीमों ने पहले ही क्वालीफाई कर लिया है। जिसमें वेस्टइंडीज, आयरलैंड, USA, स्कॉटलैंड, ओमान और नीदरलैंड्स की टीमें शामिल हैं। नेपाल में होने वाले क्वालीफायर प्लेऑफ से 4 और टीमें चुनी जाएंगी। इस तरह ग्लोबल क्वालीफायर की सभी 10 टीमें तय हो जाएंगी।