क्रिकेट

Eng vs Pak: लॉर्ड्स टेस्ट के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका, इमाम-उल-हक का चोट के चलते बाहर होना तय!

Imam-ul-Haq Injury Update: इमाम-उल-हक की पिंडली में चोट लगने वजह से उनका लॉर्ड्स में बाकी टेस्ट खेलना मुश्किल है। हालांकि उन्हें ऑफिशियली टेस्ट से बाहर नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट है कि इमाम को ठीक होने के लिए दस दिन के आराम की जरूरत है।
2 min read
Aug 30, 2026
Imam-ul-Haq Injury
मैच के दौरान चोट से कराहते इमाम-उल-हक। (फोटो सोर्स: cricinfo)

Imam-ul-Haq Injury Update: इमाम-उल-हक के बाएं पिंडली में ग्रेड-1 टियर की पुष्टि हुई है। उन्हें 10 दिन आराम करने की सलाह दी गई है। रिपोर्ट है कि इमाम को चोट के बाद लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन ही स्टंप्स के समय स्कैन के लिए ले जाया गया था, जिसके बाद चोट की गंभीरता की पुष्टि हुई। अब उनके इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान के लिए लॉर्ड्स टेस्ट का बाकी मैच खेलने की संभावना नहीं है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

अब बाकी मैच में नहीं खेलेंगे इमाम!

क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, अब वह बाकी मैच में नहीं खेलेंगे। ज्ञात हो कि इमाम पहले दिन चाय के बाद मैदान से बाहर रहे और तब से इस टेस्ट में नहीं खेले हैं, उनकी जगह सलमान आगा आए थे। इमाम दूसरे दिन पहली पारी में बैटिंग करने भी नहीं आए, जो 38 ओवर में ही सिर्फ 110 के स्‍कोर पर खत्म हो गई। जबकि इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 290 रन बनाए थे।

मोहम्‍मद अली ने टाला सवाल

लॉर्ड्स में दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले टीम मैनेजमेंट ने कहा था कि इमाम का मैच में खेलना उनके बाएं पिंडली की मसल में खिंचाव के इलाज पर निर्भर करता है और तेज गेंदबाज मोहम्मद अली ने तीसरे दिन स्टंप्स के बाद इस सवाल को टाल दिया। उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा कि मैं आपको इसके बारे में कुछ नहीं बता पाऊंगा। मुझे उनकी हालत के बारे में पता है, लेकिन टीम का मेडिकल पैनल आपको बेहतर जवाब दे सकता है।

चौथे प्रैक्टिस के लिए उतरे, लेकिन लंगड़ाते हुए छोड़ा मैदान

इमाम चौथे दिन का खेल शुरू होने से पहले मैदान में प्रैक्टिस के लिए नजर जरूर आए और उन्होंने कुछ हल्के थ्रोडाउन का सामना किया। उनके बाएं पिंडली में भारी पट्टी बंधी हुई थी। बैटिंग करते समय उनके मूवमेंट सीमित दिखे और थोड़ी देर बाद सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों के आसपास होने के कारण वह लंगड़ाते हुए वापस चले गए। बता दें कि इमाम को हेडिंग्ले टेस्ट में बैटिंग करते समय चोट लगी थी, जिसे पाकिस्तान एक पारी और 103 रन से हार गया था।