क्रिकेट

IND U19 vs PAK U19 Final: पाकिस्तान से हिसाब बराबर, भारत ने 9वीं बार जीती अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी

U-19 Asia Cup 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया, जबकि भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतक लगाए।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 7:04 PM IST
Pakistan U19 vs India U19, Asia Cup Final
भारतीय अंडर-19 टीम। (Photo- X/@ACCMedia1)

U-19 Asia Cup 2026 Final: अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया और 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

लक्ष्य और आर्यवीर ने ठोके अर्धशतक

पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से मिले लक्ष्य 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की भारतीय ओपनिंग जोड़ी उतरी। दोनों बल्लेबाजों ने कमाल की बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को खूब छकाया और पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। भारत को पहला झटका आर्यवीर सहवाग के रूप में लगा। वह 17.4 ओवर में आउट हुए। आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए। इसके लिए उन्होंने 61 गेंदें खेली। आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतकीय पारी के दौरान 9 चौके लगाए।

आर्यवीर के आउट होने के बाद वीके विनीत बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 51 रनों की पार्टनरशिप की। हालांकि वीके विनीत बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह 21 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अर्जुन राजपूत (16 रन), यशवर्धन चौहान (9 रन) और अयान सावसानी (9) रन बनाकर चलते बने। काव्या पटेल तो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

मोहित उल्वा ने चौका जड़कर दिलाई जीत

काव्या पटेल के बाद मनल चौहान ने मुश्किल हालात में पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने संघर्ष दिखाया। उन्होंने मोहित उल्वा के साथ मिलकर 9वेंं विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी कर टीम को ना सिर्फ मजबूती प्रदान की बल्कि टीम की जीत की उम्मीदों को भी जिंदा रखा। हालांकि मनल चौहान 32 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हो गए। मनल चौहान ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी के दौरान 3 चौके और 3 छक्के लगाए।

इसके बाद चिगुरुपति वेंकटा और मोहित उल्वा ने आखिरी जोड़ी के रूप में बल्लेबाजी की। दोनों ने निर्णायक क्षणों में धैर्य बनाए रखा। पारी के आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे। ऐसे में मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत को पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दिला दी।

खबर अपडेट हो रही है..

Updated on:
14 Nov 2026, 7:04 PM IST
Published on: