क्रिकेट

Sanju Samson milestone: अफगानिस्तान के खिलाफ संजू सैमसन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, T20 क्रिकेट में पूरे किए 9000 रन

Sanju Samson ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने 9000 रन पूरे किए।
2 min read
Sep 17, 2026
Sanju Samson latest
भारतीय विकेटसंजू सैमसन (Photo Credit - IANS)

IND vs AFG, 3rd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस सीरीज में एक बार फिर संजू सैमसन को टीम में जगह दी गई और उन्होंने इस मौके को जाया नहीं जाने दिया। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस दौरान 9000 रन पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि भारतीय पारी के 5वें ओवर की तीसरी गेंद पर हासिल की। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए उन्हें 23 रन की दरकार थी। संजू सैमसन ने अपने टी20 करियर के 351वें मैच की 334वीं पारी में 9,000 रन पूरे किए।

संजू सैमसन ने लगाया अर्धशतक

भारतीय विकेट-कीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 35 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के संग 50 रन बनाए। यह संजू सैमसन की लगातार दूसरी फिफ्टी है। संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में 12.4वें ओवर में सिंगल लेकर फिफ्टी पूरी की। उन्हें अजमतुल्लाह उमरजई ने 13.1वें ओवर में आउट किया।

इतना ही नहीं, संजू सैमसन विश्व क्रिकेट के उन 35 खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टी20 प्रारूप में 9,000 रनों का आंकड़ा पार किया है। यह उपलब्धि बताती है कि वैश्विक स्तर पर भी संजू का बल्ला लगातार प्रभावी रहा है।

संजू सैमसन के नाम जुड़ी टी-20 क्रिकेट की नई उपलब्धि

टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में संजू सैमसन अब पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम 9,027 रन दर्ज हो गए हैं। इस सूची में विराट कोहली 14,218 रन के साथ शीर्ष पर हैं। रोहित शर्मा 12,531 रन के साथ दूसरे, शिखर धवन 9,797 रन के साथ तीसरे और सूर्यकुमार यादव 9,729 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।

वैभव सूर्यवंशी को फिर नहीं मिला मौका

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में एक बार फिर संजू सैमसन को मौका मिला। मुकाबले से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि आखिरी मैच में वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जा सकता है, लेकिन टीम प्रबंधन ने टॉस के बाद सभी तरह की आशंकाओं को खारिज कर दिया। संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में 10 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 57 रन की पारी खेली थी।

Updated on:
17 Sept 2026 10:04 pm
Published on:
17 Sept 2026 08:39 pm