Barbados Pitch Report: ICC Men's T20 World Cup 2024 के सुपर 8 में आज भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज करेगी और यह मुकाबला बारबाडोस में खेला जाएगा। जानें कैसी है पिच।
IND vs AFG Pitch Report, Barbados: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सुपर 8 के मुकाबले शुरू हो गए हैं। टीम इंडिया का पहला मुकाबला अफगानिस्तान से है। आज रात 8 बजे से यह मैच बारबाडोस में खेला जाएगा। हालांकि स्थानीय समयानुसार यह मैच सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। इस मैच को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स, डीडी स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं। बारबाडोस में अब तक इस टूर्नामेंट के 4 मैच खेले गए हैं और चारों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए अच्छी टक्कर देखने को मिली है। चलिए जानते हैं भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के लिए कैसी होगी पिच।
बारबाडोस में ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच खेले हैं और दोनों में उन्होंने शानदार जीत हासिल की। उन्होंने एक मैच में तो डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को हराया। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को मैच जीतने की संभावना बढ़ जाती है। यहां 47 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं और 30 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को जीत मिली है तो सिर्फ 14 बार बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम लक्ष्य हासिल कर पाई है। यहां पहली पारी में गेंद आसानी से बल्ले पर आती है लेकिन दूसरी पारी में पिच थोड़ी स्लो हो जाती है और स्पिनर्स के लिए मददगार हो जाती है।
भारत और अफगानिस्तान के पास अच्छे स्पिनर्स हैं लेकिन टीम इंडिया के कप्तान फिर भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगे। अफगानिस्तान की बल्लेबाजी आक्रामक जरूर है लेकिन उनमें अनुभव और बड़े मैच को फिनिश करने की जो क्वालिटी कम दिखाई देती है। हालांकि उनके स्पिनर्स टीम इंडिया के बल्लेबाजों को रोकने की क्षमता रखते हैं। तेज गेंदबाज फजलहक फारुकी और नवीनउल हक अपनी रफ्तार से रोहित शर्मा एंड कंपनी को परेशान कर सकते हैं। पिच कुल मिलाकर बल्लेबाजों और गेंदबाजों को पूरा मौका देगी और जो अच्छा खेलेगा, वह मैच जीतेगा।