क्रिकेट

न्यूजीलैंड से हार के बाद बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी से पहले भारत को बड़ा झटका, रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे पहला पर्थ टेस्ट!

IND vs AUS: न्‍यूजीलैंड से टेस्‍ट सीरीज 3-0 हारने के बाद अब भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्‍कर पांच मैचों की टेस्‍ट सीरीज के लिए ऑस्‍ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी लेकिन खबर आ रही है कि रोहित शर्मा पहले पर्थ टेस्‍ट से बाहर रहेंगे। उनकी जगह जसप्रीत बुमराह कप्‍तानी कर सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2024, 4:20 PM IST
Feature image

IND vs AUS: टीम इंडिया को न्‍यूजीलैंड से हारकर वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में बड़ा झटका लगा है। न्‍यूजीलैंड के 3-0 से व्‍हाइटवॉश के बाद अब भारत शीर्ष स्‍थान से दूसरे पायदान पर खिसक गया है। अब अगर भारत को डब्‍ल्‍यूटीसी के फाइनल के लिए क्‍वालीफाई करना है तो उसे ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ 5-0 या 4-0 से सीरीज जीतनी होगी लेकिन इस सीरीज के पहले ही पर्थ टेस्‍ट में भारत को बड़ा झटका लगा है। कप्‍तान रोहित शर्मा पहले टेस्‍ट से बाहर हो सकते हैं, उनकी जगह इस सीरीज के लिए उपकप्‍तान बनाए गए जसप्रीत बुमराह कप्‍तानी करते नजर आ सकते हैं।

रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे पर्थ टेस्ट!

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी विभाग में कुछ समस्याएं हैं, जो न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उजागर हुई हैं। इसके साथ ही बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी के तहत 22 नवंबर से पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्‍ट में भी भारत से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करना बेमानी होगा, क्‍योंकि कप्तान रोहित शर्मा अज्ञात कारणों से पहले टेस्ट के लिए अनुपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रोहित शर्मा ने खुद इसके संकेत दिए हैं।

...तो घर आने वाला है नया मेहमान

मुंबई टेस्ट में हार के बाद निराश रोहित शर्मा ने कहा कि मैं इस समय पर्थ टेस्ट में हिस्सा लेने के बारे में निश्चित नहीं हूं। वहीं, अगर विभिन्न रिपोर्टों पर विश्वास किया जाए तो उनकी पत्नी रितिका सजदेह उसी दौरान अपने दूसरे बच्चे के जन्म की उम्मीद कर रही हैं। अभिनव मुकुंद ने भी जियो पर मैच के बाद प्रसारण के दौरान इस बात का जिक्र किया है।

बुमराह को सिर्फ एक टेस्‍ट की कप्‍तानी का अनुभव

रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह को कमजोर टीम इंडिया की अगुआई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जो इस समय लगातार हार रही है। बता दें कि बुमराह ने अब तक केवल एक टेस्ट में भारत का नेतृत्व किया है, जो 2022 में इंग्लैंड खिलाफ खेला गया था। उस मैच में भारत का हार का सामना करना पड़ा था।

Updated on:
3 Nov 2024, 4:20 PM IST
Published on: