
Aaryavir Sehwag vs AUS U19 Series 2026: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे अंडर-19 वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में आर्यवीर ने 31 गेंद में ताबड़तोड़ 34 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने पांच चौके लगाए। अब तक इस सीरीज में उन्होंने 18 चौके लगाए हैं। तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 255 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया की शुरुआत धमाकेदार रही और आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कंगारू टीम की शुरुआत अच्छी रही। जेड हॉर्लिक्स और चार्ली हेंडरसन ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। हेंडरसन 18 रन बनाकर आउट हुए, तो हॉर्लिक्स 87 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा नील पटेल ने 51 रन की पारी खेली। मैथ्यू लॉफ सिर्फ 11 रन बना सके, तो ब्लैक कैटल ने 38 और अली ब्रायन ने 14 रन बनाए। भारत की ओर से मोहित उलवा और मानव चौहान ने तीन-तीन विकेट चटकाए, तो काव्य पटेल और आर्यन सावसनी को एक-एक सफलता मिली।
एक समय ऑस्ट्रेलिया काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी। उसने 150 रन सिर्फ दो विकेट गंवाकर बना लिए थे और लग रहा था कि 300 के आसपास पहुंच जाएगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने उन्हें 50 ओवर पूरे होने से पहले ही 254 रन पर ढेर कर दिया।
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी रही। लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। हालांकि, सहवाग एक बार फिर से अर्धशतक नहीं बना सके और 34 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। हालांकि, उन्होंने टीम इंडिया को काफी तेज शुरुआत दी।
अंडर 19 वनडे सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। टीम इंडिया पहले ही सीरीज पर कब्जा कर चुकी है और आखिरी मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सूपड़ा साफ करना चाहेगी।