क्रिकेट

IND vs BAN: अब सरकार तय करेगी कि टीम इंडिया बांग्लादेश से खेलेगी या नहीं, पिछले साल स्थगित हो गई थी सीरीज

India vs Bangladesh 2026: टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे पर सस्पेंस बरकरार है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुए विवाद के बाद अब इस सीरीज का भविष्य केंद्र सरकार के फैसले पर टिका है।
2 min read
Aug 10, 2026
Shreyas Iyer and Tilak Verma
श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा (फोटो- IANS)

India Tour of Bangladesh 2026: टीम इंडिया इस साल बांग्लादेश दौरे पर तीन टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए जाएगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला अब केंद्र सरकार को करना है। आपको बता दें कि इसी साल भारत और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी की थी, जहाँ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा अधर में लटकता नजर आ रहा है। फिलहाल बीसीसीआई (BCCI) ने अंतिम फैसला केंद्र सरकार पर छोड़ दिया है और उनकी मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

पिछले साल स्थगित हुई थी सीरीज

यह दौरा पिछले साल होना था, जिसे स्थगित कर दिया गया था। नए कार्यक्रम के अनुसार, अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में भारत को बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है और तमीम इकबाल BCB के नए प्रमुख बने हैं। तमीम का रुख हमेशा से भारतीय क्रिकेट के प्रति सकारात्मक रहा है, ऐसे में माना जा रहा था कि उनके प्रयास से यह दौरा संभव हो सकता है। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश बोर्ड के रुख को न भारतीय फैंस भूले होंगे और न ही सरकार।

1 सितंबर से शुरू हो सकता है दौरा

बीसीबी ने इस सीरीज के आयोजन के लिए बीसीसीआई को पत्र लिखा है और दोनों बोर्ड आपस में चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, बीसीसीआई सरकारी दिशा-निर्देशों के बिना इस पर कोई स्वतंत्र निर्णय नहीं ले सकता। अगर सरकार से हरी झंडी मिलती है, तो 1, 3 और 6 सितंबर को तीन वनडे मैच खेले जा सकते हैं, जबकि 9, 12 और 14 सितंबर को तीन टी20 मैचों का आयोजन संभव है। मंजूरी मिलने की स्थिति में भारतीय टीम 28 अगस्त के बाद बांग्लादेश के लिए रवाना हो सकती है।

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के दौरान जब मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर (KKR) की टीम में शामिल किया गया था, तब भारत में इसका विरोध हुआ था, जिसके बाद केकेआर ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसी विवाद के बाद बीसीबी ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना करते हुए अपनी टीम की सुरक्षा पर सवाल उठाए थे।

Updated on:
10 Aug 2026 11:36 am
Published on:
10 Aug 2026 11:35 am