क्रिकेट

IND vs ENG: टीम इंडिया के खिलाफ 8 साल से नहीं मिली वनडे सीरीज में जीत, जानें इंग्लैंड का कैसा रहा है रिकॉर्ड

IND vs ENG Head To Head in ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे कार्डिफ में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी। आंकड़ों पर नजर डालें तो 2018 के बाद दोनों टीमों के बीच खेली गई तीनों वनडे सीरीज भारत ने अपने नाम की हैं, जबकि हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी है।
2 min read
Jul 16, 2026
IND vs ENG 2nd ODI
भारत बनाम इंग्लैंड (फोटो- IANS)

India vs England 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ में आज भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी, वहीं दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम हार से बचकर सीरीज में बने रहने की कोशिश करेगी।

8 साल पहले मिली थी इंग्लैंड को जीत

आखिरी बार इंग्लैंड ने भारतीय टीम को साल 2018 में वनडे सीरीज में हराया था। उस समय टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर गई थी और इंग्लैंड ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी। उस सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की थी, लेकिन अगले दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा और इंग्लैंड ने सीरीज जीत ली थी।

इसके बाद 2018 के बाद भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे सीरीज खेली जा चुकी हैं और तीनों में टीम इंडिया को जीत मिली है। 2021 में दोनों टीमें भारत में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें भारत ने 2-1 से सीरीज जीती थी। इसके बाद 2022 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड दौरे पर भी 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी। वहीं चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां टीम इंडिया ने 3-0 से सीरीज जीत ली थी।

हर जगह टीम इंडिया का पलड़ा भारी

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 111 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने 62 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड को 44 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों के बीच तीन मैच ड्रॉ रहे हैं और दो मुकाबले टाई भी रहे हैं, जिसमें से एक मैच वनडे वर्ल्डकप में खेला गया था।

इंग्लैंड ने अपने घर में भारत को 23 बार हराया है, जबकि घर के बाहर 17 बार और न्यूट्रल वेन्यू पर चार बार जीत दर्ज की है। दूसरी ओर, टीम इंडिया का रिकॉर्ड हर परिस्थिति में बेहतर रहा है। भारतीय टीम ने अपने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड को 38 बार हराया है, जबकि इंग्लैंड में 18 बार और न्यूट्रल वेन्यू पर 6 मुकाबले जीते हैं। इंग्लैंड ने आखिरी बार टीम इंडिया को 14 जुलाई 2022 को हराया था। मतलब 4 साल से इंग्लैंड की टीम वनडे में टीम इंडिया को नहीं हरा पाई है।

Updated on:
16 Jul 2026 10:18 am
Published on:
16 Jul 2026 10:18 am