क्रिकेट

IND vs ENG 3rd Test, Day 3 : पुजारा शतक तो ​कोहली अर्धशतक की ओर, दूसरी पारी में भारत का स्कोर 2/215

इंग्लैंड ने पहली पारी में भारत पर 354 रनों की बढ़त हासिल की है। भारत की दूसरी पारी की शुरूआत हो चुकी है।

2 min read
Aug 27, 2021

चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 91) और रोहित शर्मा (59) की शानदार अर्धशतीय पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 215 रन बना लिए लेकिन वह अभी भी इंग्लिश टीम से 139 रन पीछे चल रहा है। इंग्लैंड की पहली पारी आज 432 रन बनाकर ऑलआउट हुई और उसने 354 रनों की बढ़त हासिल की। स्टंप्स तक पुजारा 180 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 91 और कप्तान विराट कोहली 94 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड की ओर से ओली रॉबिंसन और क्रैग ओवरटोन को अबतक एक-एक विकेट मिला है।

सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे हैं भातरीय बल्लेबाज
इंग्लैंड को पहली पारी में ऑलआउट करने के बाद उतरी टीम इंडिया ने संभल कर खेलना शुरू किया। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की भरपूर कोशिश की। इस बीच, ओवरटोन ने लोकेश राहुल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। राहुल ने 54 गेंदें खेल आठ रन बनाए। दूसरे सत्र में पुजारा और रोहित ने भारतीय पारी को बखूबी संभाला और दोनों ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की। लय में दिख रहे रोहित हालांकि, अर्धशतक बनाने के बाद रॉबिंसन की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 156 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए।

पुजारा और कोहली ने 99 रनों की साझेदारी
इसके बाद पुजारा ने कोहली के साथ पारी आगे बढ़ाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच दिन का खेल खत्म होने तक तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले, इंग्लैंड ने आज आठ विकेट पर 423 रन से आगे खेलना शुरू किया और ओवरटोन ने 24 और रॉबिंसन ने खाता खोले बिना पारी आगे बढ़ाई। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड के शेष दो विकेट जल्द गिराकर उसकी पहली पारी का अंत किया।

तीसरे दिन पहले सेशन में भारतीय झटके दो विकेट
मोहम्मद शमी ने पहले ओवरटोन को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को नौंवां झटका दिया, जिन्होंने 42 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 32 रन बनाए। इसके अगली ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रॉबिंसन को खाता खोले बिना आउट कर इंग्लैंड का आखिरी विकेट गिरा दिया। जेम्स एंडरसन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। भारत की ओर से शमी ने चार विकेट लिए जबकि मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा और बुमराह को दो-दो विकेट मिला।

टीमें
भारत:-रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड-रोरी बर्न्स, हसीब हमीद, डेविड मलान, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर, मोईन अली, सैम कुरैन, क्रेग ओवरटन, ओली रॉबिन्सन, जेम्स एंडरसन।

Updated on:
27 Aug 2021 11:26 pm
Published on:
27 Aug 2021 04:54 pm
Also Read
View All