इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में विराट कोहली को आउट करने के बाद अपने नाम एक खास रिकॉर्ड कर लिया है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली को हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पहली पारी में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आउट किया। इसके साथ ही एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में सातवीं बार भारतीय कप्तान का शिकार किया है। कोहली और एंडरसन के बीच लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान नोंक-झोंक हुई थी और इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। एंडरसन ने तीसरे टेस्ट की पहली पारी में कोहली को विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों कैच कराया और उनकी पारी महज सात रन पर रोक दी। इसके साथ ही एंडरसन कोहली को टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक सात बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए।
नाथन लियोन भी कोहली को कर चुके हैं 7 बार आउट
कोहली को हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन ने भी सात बार आउट किया है। इन दो गेंदबाजों के अलावा कोहली टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड, मोईन अली, बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के हाथों पांच-पांच बार आउट हो चुके हैं। भारत ने तीसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है, लेकिन उसकी शुरुआत काफी निराशाजनक रही है और उसने अपने तीन विकेट 21 रन पर गंवा दिए हैं।
लॉर्ड्स के लॉंग रुम में भी हुई थी नोक-झोंक
इंग्लैंड और भारतीय टीम के खिलाड़ियों के बीच पिछले हफ्ते दूसरे टेस्ट के दौरान लॉर्डस लॉन्ग रूम में कथित तौर पर तीखी नोक-झोंक हुई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे दिन के अंत में जब जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को लगातार शॉर्ट गेंद फेंक रहे थे उसके बाद पवेलियन में तनावपूर्ण नजारा देखने को मिला था। रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों को खेल के मैदान से बाहर निकलते वक्त बहस करते हुए देखा गया था, जो कि लॉन्ग रूम तक चलता रहा।
कोहली ने किया था खुलासा
भारत के कप्तान विराट कोहली ने हाल ही वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुुलासा किया था कि उनके पक्ष को इंग्लैंड ने उकसाया था, लेकिन बोले गए शब्दों का खुलासा नहीं किया। विराट ने कहा, 'मैं आपको बोले गए शब्दों को नहीं बता सकता। मुझे लगता है कि यह कैमरों और स्टंप्स माइक दोनों टीमों के बीच के नोक-झोंक कैद है, उस समय मैदान पर जो हुआ, उससे हमें अतिरिक्त प्रेरणा मिली।'