IND vs ENG: भारतीय टीम में युवा विकेटकीपर-बल्‍लेबाज ध्रुव जुरेल के चयन पर उनके आईपीएल कोच कुमार संगाकारा ने खुशी जताई है। इसके साथ ही संगाकारा ने युवा खिलाड़ी खासियतें भी बताई हैं।
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 25 जनवरी से शुरू होने जा रही है। बीसीसीआई ने शुक्रवार देर रात ही पहले दो टेस्ट के लिए अपनी 16 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की है। इस टीम में युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल पहली बार जगह बनाने में सफल रहे हैं। ध्रुव का चयन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के चलते हुआ है। इस पर श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा ने भी खुशी जताई है, क्योंकि ध्रुव आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं। कुमार संगाकारा ने कहा है कि ध्रुव जुरेल में तीन क्वालिटी बेहद खास हैं, जो उन्हें अन्य युवाओं से अलग बनाती हैं।
संगाकारा ने एएनआई के बातचीत के दौरान कहा कि उनका वर्क एथिक के साथ आचरण बेहतरीन है। वह प्रेशर बखूबी हैंडल करना जानता है। आईपीएल के पिछले सीजन में ध्रुव सबसे कठिन परिस्थिति में उतरा और काफी रन भी बनाए। वह टी20 का मैच विनर है। वहीं, टेस्ट में उसकी तकनीक, चरित्र का अच्छा परीक्षण होगा। मुझे लगता है कि वह हमेशा अच्छा करेगा। क्योंकि वह उसी तरह का खिलाड़ी है।
'कड़ी मेहनत करके यहां तक पहुंचा जुरेल'
संगाकारा ने बताया कि उनका राजस्थान रॉयल्स में प्राथमिक लक्ष्य टीम इंडिया के अधिक से अधिक युवा खिलाड़ी तैयार करना रहता है। हमने पिछले कुछ साल में कई खिलाड़ी तैयार किए, जिनमें ध्रुव नया है। वह एक अच्छा प्लेयर है, जिसने कड़ी मेहनत की है। वह हमारे कैम्प के बाद टेस्ट टीम तक पहुंचा, ये शानदार है।
यह भी पढ़ें : जानें कौन हैं टीम इंडिया में अचानक सिलेक्ट हुए ध्रुव जुरेल, 172 के स्ट्राइक रेट से कूटते हैं रन
'हमारा काम सर्वश्रेष्ठ प्लेयर्स तैयार करना'
संगाकारा से जब सवाल किया गया कि क्या उनका टी20 या वनडे से पहले टेस्ट में सिलेक्शन होने पर हैरान हैं? इस पर संगाकारा ने कहा कि ये सेलेक्टर्स पर निर्भर है कि वे लाल और सफेद गेंद की टीमों का निर्माण कैसे करते हैं। हमारा कार्य सर्वश्रेष्ठ प्लेयर्स तैयार करना है, जिन्हें किसी भी फॉर्मेट में उतारा जा सके।
यह भी पढ़ें : इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 टेस्ट के लिए टीम इंडिया का ऐलान, ईशान फिर नजरअंदाज