
नेपाल बनाम अफगानिस्तान (फोटो- ICC)
AFG vs NEP Asian Games 2026 Highlights: एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में एक ही दिन दूसरा बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पहले मुकाबले में हांगकांग की टीम ने ओमान को हराया, तो दूसरे मुकाबले में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल की रेस को रोमांचक बना दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 102 रन बना पाई। जवाब में नेपाल ने 103 रन के लक्ष्य को 5 विकेट खोकर आसानी से 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया। इस हार के बावजूद अफगानिस्तान की टीम क्वार्टर फाइनल की रेस में बनी हुई है, वहीं नेपाल ने अपनी पहली जीत दर्ज कर ली है।
नेपाल की जीत के बाद अंक तालिका में कोई बदलाव नहीं हुआ। अफगानिस्तान अभी भी दो मैच में एक जीत के साथ नंबर वन पर बनी हुई है, तो वहीं नेपाल दूसरे स्थान पर है। हालांकि, नेट रन रेट में सिर्फ 0.004 अंक का अंतर है। यही वजह है कि अफगानिस्तान अभी भी पहले स्थान पर है, जबकि जापान पहला मुकाबला हारने की वजह से तीसरे स्थान पर है।
इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 16 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद फैसल शिनोजादा और नजीबुल्लाह जादरान ने 30-30 रन बनाकर अफगानिस्तान की उम्मीदों को जिंदा रखा। हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद एक बार फिर से रनों के लिए अफगानिस्तान की टीम जूझने लगी और मुश्किल से 100 रन के आंकड़े को पार कर पाई। नेपाल के लिए ललित राजबंशी ने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 3 विकेट चटकाए, तो कुशल भुर्तेल ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट निकाले।
वहीं, नेपाल की शुरुआत भी खराब रही। उसने सिर्फ 12 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे और 31 रन पर तीसरा विकेट गिर गया। 56 रन पर जब 10 ओवर में 4 विकेट गिरे, तब नेपाल की हालत मुश्किल लगने लगी। लेकिन वहां से रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने बेहतरीन साझेदारी की और नेपाल को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। जब नेपाल को जीत के लिए सिर्फ एक रन चाहिए था, तब दीपेंद्र सिंह ऐरी नजीबुल्लाह को कैच देकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, बचा हुआ काम गुलशन झा ने आते ही कर दिया और नेपाल को 17.2 ओवर में ही जीत दिला दी।
इस जीत के साथ अब अफगानिस्तान का क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका से सामना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि इस ग्रुप की टॉपर टीम भारतीय टीम से मिलेगी। ऐसे में अब क्वार्टर फाइनल के लिए नेपाल ने भी अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इस ग्रुप में जो भी टीम दूसरे स्थान पर रहेगी, उसका सामना श्रीलंका से होगा।
Updated on:
25 Sept 2026 01:44 pm
Published on:
25 Sept 2026 01:31 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Asian Games 2026
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
