क्रिकेट

9 साल के वनडे करियर में सिर्फ दूसरा अर्धशतक जड़ने पर Washington Sunder ने बताया क्या है सबसे जरूरी

Washington Sunder on Gautam Gambhir: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार अर्धशतक लगाने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने अपनी बल्लेबाजी में सुधार का श्रेय गौतम गंभीर और आशीष नेहरा को दिया। सुंदर ने कहा कि दोनों कोचों के मार्गदर्शन और भरोसे ने उन्हें एक बेहतर ऑलराउंडर बनने में अहम मदद की।
2 min read
Jul 15, 2026
Washington Sundar and axar patel
सुंदर और अक्षर पटेल (फोटो- BCCI)

IND vs ENG 1st ODI: टीम इंडिया के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने मंगलवार को पहले वनडे में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी 52 रन की नाबाद पारी की बदौलत भारतीय टीम ने आसानी से जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। सुंदर का यह वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने अब तक 33 मैच खेले हैं और 23 की औसत से 443 रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने 2023 में आखिरी अर्धशतक लगया था। बर्मिंघम में खेली गई इस शानदार पारी के बाद उन्होंने बताया कि एक ऑलराउंडर के लिए सबसे जरूरी चीज क्या है। इसके अलावा उन्होंने गौतम गंभीर और आशीष नेहरा को भी अपनी बल्लेबाजी में सुधार के लिए श्रेय दिया।

सुंदर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं बहुत अच्छी तैयारी करने की कोशिश करता हूं। तैयारी के मामले में मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि हर चीज पूरी तरह से करूं। मैं तैयारी को बहुत महत्व देता हूं और मैं बहुत आभारी हूं कि लोगों ने हमेशा मेरी काबिलियत पर भरोसा किया है। गौतम गंभीर ने हमेशा मुझे समझाया कि मैं बल्लेबाजी से वास्तव में क्या कर सकता हूं और मुझे अपना खेल समझने में भी मदद की। वहीं, गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने भी हमेशा यही सुनिश्चित किया। उन्होंने मुझे खुद को और बेहतर ढंग से समझने में मदद की है।"

सुंदर ने बताया क्या है सबसे जरूरी

सुंदर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है, खासकर मेरे लिए। एक ऑलराउंडर के तौर पर हर दिन बेहतर होते रहना, अपने खेल को समझना और हालात के हिसाब से खेलना बहुत जरूरी है। ज्यादा मैच खेलने से आपको अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करने, यह समझने कि आप वास्तव में क्या कर सकते हैं और बहुत कुछ सीखने में मदद मिलती है। मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि मुझे ऐसे लोग मिले, जिन्होंने हमेशा मेरी स्किल्स पर भरोसा किया और यह भी समझाया कि अलग-अलग स्किल्स में मैं वास्तव में क्या कर सकता हूं।"

सुंदर को पिछले कुछ वर्षों में बल्लेबाजी की कई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जैसे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ओपनिंग करना, मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करना और व्हाइट-बॉल क्रिकेट में मैच फिनिश करना। उन्होंने कहा कि इन बदलती जिम्मेदारियों को अपनाने से उन्हें एक बेहतर और संपूर्ण क्रिकेटर बनने में मदद मिली है।

'अलग-अलग रोल निभाना होता है रोमांचक'

उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में मैंने यह समझा है कि मुझे अपनी स्किल्स को लगातार बेहतर करते रहना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मैं टीम के काम आ सकूं। इसके साथ ही अलग-अलग रोल निभाना रोमांचक होता है। बहुत कम खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। मुझे उन अलग-अलग रोल को निभाने और अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलता है। मैं हमेशा टीम को जिताने की पूरी कोशिश करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "खेल के अलग-अलग हालात और अलग-अलग दौर में रहना रोमांचक होता है। हालांकि, जैसा मैंने कहा, हर दिन बेहतर होते रहना जरूरी है। हम कम समय में अलग-अलग फॉर्मेट खेलते हैं। इसी वजह से फॉर्मेट बदलने के बीच बहुत ज्यादा बदलाव करना संभव नहीं होता। मैं जितनी अच्छी तैयारी कर सकता हूं, करता हूं, ताकि जब भी मौका मिले, मैं पूरी तरह तैयार रहूं। यही मेरी सोच है।"

Updated on:
15 Jul 2026 02:54 pm
Published on:
15 Jul 2026 02:54 pm