
IND vs ENG Head To Head in T20 World Cup: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-2 खेला जाएगा, जिसे जीतकर दोनों टीमें फाइनल का टिकट हासिल करना चाहेंगी। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने शुरुआती 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड को मात दी। लेकिन सुपर 8 के पहले ही मुकाबले में वो साउथ अफ्रीका से हार गई।
इसके बाद भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा। अपने अंतिम सुपर-8 मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। भारतीय टीम छठी बार सेमीफाइनल में पहुंची है। दो बार टीम इंडिया का सामना सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हुआ है, जिसमें रिकॉर्ड 1-1 की बराबरी पर है। साल 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से सेमीफाइनल मैच गंवाने के बाद भारत ने साल 2024 में इंग्लैंड को 68 रन से मात देकर हिसाब बराबर किया।
भारत और इंग्लैंड की पुरुष टीमों के बीच में अब तक 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 17 मैच अपने नाम किए। 12 मुकाबले इंग्लैंड ने जीते। हाल के मुकाबलों में, भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 12 टी20 मुकाबलों में से नौ जीते हैं। टी20 वर्ल्डकप में दोनों टीमें 5 बार आमने सामने हुई हैं, जहां भारतीय टीम ने 3 मैच जीते हैं, तो इंग्लैंड को दो में जीत मिली है। हालांकि दोनों टीमों के पास 2-2 खिताब है। इंग्लैंड ने 2010, 2022 में वर्ल्डकप जीता था, तो भारतीय टीम ने 2007 और 2024 में ट्रॉफी उठाई।
भारत-इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा। फैंस इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा।
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।