क्रिकेट

IND vs IRE: दूसरे टी20 में हार का जिम्मेदार कौन? श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद बताया कहां हुई चूक

India vs Ireland 2nd T20: टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम तीसरी बार सिर्फ 1 रन से हारी है। इससे पहले उसे न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ इतने करीबी मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी।
2 min read
Jun 29, 2026
tilak verma
आयरलैंड के खिलाफ शॉट खेलते हुए तिलक वर्मा (फोटो- IANS)

IND VS IRE 2nd T20 Highlights: भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड की टीम ने 1 रन से रोमांचक जीत हासिल की। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 154 रन बनाए। 155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 153 रन ही बना सकी।

टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह तीसरा मौका है, जब भारतीय टीम को 1 रन से हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2012 में न्यूजीलैंड और 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी भारत 1 रन से हारा था।

16 टी20 सीरीज बाद हारा भारत

इस हार के साथ ही भारतीय टीम का लगातार 16 टी20 सीरीज तक चला अजेय सिलसिला भी समाप्त हो गया। इसके अलावा श्रेयस अय्यर भारत के इतिहास के केवल दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्हें कप्तानी के पहले दोनों टी20 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले ऋषभ पंत की कप्तानी में भी ऐसा हो चुका है।

हार के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, "यह सीरीज हमारे लिए अच्छी नहीं रही, लेकिन आयरलैंड की तारीफ करनी होगी कि उन्होंने शानदार क्रिकेट खेला। मुझे लगता है कि आयरलैंड की टीम ने बेहतरीन प्रोफेशनलिज्म दिखाया और उन्हें पिच के व्यवहार का काफी अच्छा अंदाजा था। उनकी फील्डिंग भी शानदार रही, इसलिए वे इस जीत के पूरी तरह हकदार हैं।"

प्रिंस के लिए क्या बोले कप्तान?

श्रेयस ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि आज हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन हमारी बल्लेबाजी थोड़ी कमजोर रही। हम पिच के व्यवहार को समझने और सिंगल्स को डबल्स में बदलने में पीछे रह गए। इस मामले में आयरलैंड हमसे बेहतर टीम साबित हुई।"cइसके अलावा उन्होंने डेब्यू करने वाले सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "प्रिंस के पास आईपीएल का अच्छा अनुभव है और वह उसी अनुभव को यहां भी लेकर आए हैं।"

इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आयरलैंड ने हैरी टैक्टर और बेन्जामिन कैलिट्ज की शानदार पारियों के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 154 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सिर्फ 34 रन पर 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। तिलक वर्मा ने अर्धशतक जरूर जड़ा लेकिन दूसरे छोर से किसी का साथ न मिलने की वजह से भारतीय टीम 153 रन ही बना सकी।

Updated on:
29 Jun 2026 07:04 am
Published on:
29 Jun 2026 06:58 am