क्रिकेट

IND vs NZ: ऑकलैंड में टॉस होने वाला है सबसे अहम, पिछले 2 मैचों में रन चेज करने वाली टीमों का हुआ है बुरा हाल

India vs New Zealand 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा। पिछले दो मुकाबलों के रिकॉर्ड को देखें तो यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना मुश्किल रहा है। ऐसे में टॉस इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 4:03 PM IST
Rohit Virat
रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो- IANS)

India vs New Zealand 1st ODI Auckland: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा। पिछले 3 साल में यहां पर सिर्फ दो ही मुकाबले खेले गए हैं लेकिन दोनों मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को बड़ी जीत हासिल हुई है। ऐसे में इस मुकाबले में टॉस सबसे अहम होगा। टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला गया था, जहां न्यूजीलैंड ने 259 रन बनाए थे और जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 172 रन बना सकी थी।

3 साल में ऑकलैंड में हुए 2 वनडे

25 मार्च 2023 को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच वनडे मुकाबला खेला गया था, जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 274 रन बनाए थे और जवाब में श्रीलंका की टीम सिर्फ 76 रन पर ढेर हो गई थी और न्यूजीलैंड ने 198 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। इसके बाद साल 2025 में 11 जनवरी को फिर से ये दोनों टीमें आमने-सामने थीं। इस बार श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 290 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ 150 रन पर ढेर हो गई और श्रीलंका ने 140 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इन दोनों मुकाबलों में एक चीज साफ है कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी। न्यूजीलैंड ने यहां अब तक 80 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 37 में उसे जीत मिली, जबकि भारतीय टीम ने यहां 10 मैच खेले हैं। तीन में उसे जीत मिली है, एक मुकाबला टाई रहा है और छह में उसे हार झेलनी पड़ी। भारतीय टीम ने आखिरी मुकाबला यहां साल 2022 में खेला था, जब न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी।

दूसरी पारी में बल्लेबाजी होगी मुश्किल!

हालांकि इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड ने 337 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। इसी मैदान पर न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ 153 रन को भी डिफेंड कर लिया था। अब तक यहां 86 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 34 बार जीत मिली है और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 47 बार जीत मिली है। लेकिन पहली पारी का औसत स्कोर 222 रन है और दूसरी पारी में औसतन 194 रन ही बनते हैं।

Updated on:
3 Nov 2026, 4:03 PM IST
Published on: