
ऑकलैंड : न्यूजीलैंड (New Zealand Cricket Team) ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया (Indian Cricket Team) के समक्ष जीत के लिए निर्धारित 204 रनों की मुश्किल चुनौती रखी थी। कीवी टीम की ओर से ने सलामी बल्लेबाज कोलिन मुनरो, कप्तान केन विलियमसन और अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर ने अर्धशतक लगाकर टीम को पांच विकेट के नुकसान पर 203 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाया था। जीत के लिए 204 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने चार विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। भारत की ओर से पलटवार करते हुए केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के धुआंधार अर्धशतकीय पारी खेली। इसी के साथ भारत ने इस मैच को जीतकर विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में मिली हार का भी बदला ले लिया।
भारतीय बल्लेबाजों ने किया पलटवार
204 रनों के विशाल लक्ष्य के सामने टीम इंडिया के बल्लेबाज जरा भी नहीं घबराए और शानदार तरीके से मैच का समापन किया। टीम इंडिया ने छह गेंद पहले ही इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। हालांकि भारत का पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में जल्दी गिर गया था। इसके बाद केएल राहुल (56) और कप्तान विराट कोहली (45) ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 8.2 तेज 99 रनों की साझेदारी कर दी। वह एक रन से शतकीय साझेदारी से चूक गए, लेकिन मैच में भारत को वापस ले आए। टीम का कुल योग जब 10 ओवर में 115 रन था, तब लोकेश राहुल आउट हुए। उन्होंने 27 गेंद पर 200 से भी अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए चार चौके और तीन छक्के जड़े। इसके बाद कोहली भी ज्यादा देर तक नहीं रुके। कुल योग जब 11.1 ओवर में 121 था, तब वह आउट होकर पैवेलियन चले गए।उन्होंने अपनी 32 गेंद की पारी में तीन चौके और एक सिक्स लगाए। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर (58 नाबाद) ने शिवम दुबे (13) और मनीष पांडेय (14 नाबाद) के साथ साझेदारियां निभाकर भारत को एक ओवर पहले ही जीत दिला दी।
कीवी टीम की ओर से सबसे सफल गेंदबाज ईश सोढ़ी रहे। उन्होंने दो विकेट लिए, जबकि हैमिश बेनेट और ब्लेयर टिकनेर को एक-एक विकेट मिला।
कीवी को मिली शानदार शुरुआत
मेजबान न्यूजीलैंड टीम को उसके सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (30) और कोलिन मुनरो (59) ने शानदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 7.5 ओवर में 80 रन जोड़ दिए। इसी स्कोर पर गुप्टिल आउट हुए। उन्होंने 19 गेंद पर चार चौके और एक सिक्स लगाया। इसके बाद तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान विलियमसन (51) ने भी अर्धशतक जड़ दिया। इस बीच मुनरो 116 के कुल योग पर 11वीं ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 42 गेंद पर छह चौके और दो छक्के लगाए। वहीं विलियमसन ने आउट होने से पहले 26 गेंद पर चार चौके और इतने ही छक्के जड़ दिए। इन तीनों के अलावा अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर 54 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 27 गेंद पर तीन चौके और तीन छक्के लगाए।
पंत बाहर, शिवम को मिला मौका
विराट कोहली ने मैच के एक दिन पहले ही संकेत दे दिया था कि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल ही निभाएंगे और वैसा ही हुआ। ऋषभ पंत को अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह शिवम दुबे को मौका दिया गया है तो वहीं कुलदीप यादव की जगह युजवेंद्र चहल को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। इसके अलावा नवदीप सैनी पर शार्दुल ठाकुर को वरीयता दी गई है।
टी-20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत रिकॉर्ड बेहद खराब
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक खेले गए कुल 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद खराब है। इन 12 मुकाबलों में भारत को सिर्फ तीन बार जीत नसीब हुई है, जबकि उसे आठ मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक मुकाबले का नतीजा नहीं निकला है। ऐसे में टीम इंडिया को जीतना है तो उसे अपना पूरा जोर लगाना होगा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत : रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड : मार्टिन गुप्टिल, कोलिन मुनरो, केन विलियमसन (कप्तान) रॉस टेलर, टीम सीफर्ट(विकेटकीपर), कोलिन डी ग्रैंडहोम, ईश सोढ़ी, मिचेल सेंटनर, टिम साउदी, हमिश बेनेट और ब्लैर टिकनेर।