क्रिकेट

IND vs NZ: श्रेयस अय्यर ने इन खिलाड़ियों पर फोड़ा हार का ठीकरा, बताई 5वें टी20 मुकाबले में कहां हुई चूक

India vs NZ T20I Match: न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में खेले गए मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज का अंत जीत के साथ किया। लगातार दूसरी हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस ने खुलकर टीम की कमजोरियां गिनाईं।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 5:05 PM IST
IND vs NZ
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

IND vs NZ 5th T20I: हैमिल्टन में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लगातार तीन मुकाबले जीतने के बाद टीम इंडिया लगातार दूसरा मैच हार गई। हालांकि, भारतीय टीम 3-2 से सीरीज जीतने में सफल रही। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 192 रन का लक्ष्य 18 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजों का बचाव किया, लेकिन गेंदबाजों और फील्डर्स को हार का जिम्मेदार बताया।

गेंदबाजों पर फोड़ा हार का ठीकरा

श्रेयस ने मैच के बाद कहा, "मिडिल ओवर्स में हमने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उसे देखते हुए हम अच्छा फिनिश कर सकते थे, लेकिन लगातार विकेट गिरते गए। इसके बावजूद इस तरह की पिच पर 190 प्लस का स्कोर ठीक-ठाक था। हालांकि, बाद में हमारी गेंदबाजी और फील्डिंग अच्छी नहीं रही। इस मैच में तो सबसे खराब रही, हालांकि बल्लेबाजी अच्छी थी।"

उन्होंने कहा कि आखिरी दो मुकाबलों में हम प्रयोग करने की स्थिति में थे और खुद को चुनौती देना चाहते थे। जब आप विदेश में खेलते हैं, तो कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। हमें अभी भी कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है, खासकर फील्डिंग पर। लेकिन सच कहूं तो यहां की परिस्थितियों में खेलना आसान नहीं है। तेज रोशनी और साफ आसमान जैसी स्थिति हमें भारत में देखने को नहीं मिलती।

संजू-अभिषेक की जोड़ी फ्लॉप

इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन 4 रन बनाकर आउट हो गए, तो अभिषेक शर्मा सिर्फ 1 रन बना सके। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 5 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली, तो श्रेयस अय्यर ने 30 गेंदों में 50 रन जड़ दिए। उन्होंने भी 4 छक्के और 3 चौके लगाए। तिलक वर्मा एक बार फिर कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, नमन धीर ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर को भी 2-2 सफलताएं मिलीं।

192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। फिन एलन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन टिम साइफर्ट ने 93 और डेरिल मिचेल ने 29 रन की पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने 38 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर न्यूजीलैंड को शानदार जीत दिला दी।

Updated on:
1 Nov 2026, 5:05 PM IST
Published on: