क्रिकेट

2002 में फाइनल रद्द होने पर बट गई थी ट्रॉफी, अगर अब पूरा नहीं हुआ खिताबी मुकाबला तो कौन बनेगा चैंपियन

Champions Trophy 2025 Final: दुबई में 9 मार्च 2025 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2025, 7:12 PM IST
IND vs NZ Playing 11

Champions Trophy 2025 Final, IND vs NZ: रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में जगह बनाई है। इसके साथ टूर्नामेंट के इतिहास में यह तीसरी बार है जब भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में उतरेगी। दुबई में 9 मार्च 2025 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले खिताबी भिड़ंत को लेकर वैसे भी प्रशंसकों में उत्साह चरम पर है, हालाकि यदि इस मुकाबले में बारिश ने खलल डाला तो क्या होगा और विजेता का फैसला कैसे होगा? आइए इस पर डालते हैं नजर....

बारिश के खलल डालने पर

ICC के नियमों के अनुसार, यदि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में बारिश खलल डालती है तो ओवर में कटौती की जाएगी। हालाकि मैच के नतीजे के लिए दोनों टीमों को कम से कम 20 ओवर खेलने होंगे। यदि बारिश के चलते निर्धारित तिथि 9 मार्च को मैच नहीं हो सके तो मुकाबला रिजर्व डे में खेला जाएगा। इससे यह सुनिश्चित हो जाता है कि फाइनल मैच तब भी पूरा हो सकेगा, जब निर्धारित तिथि पर मुकाबला नहीं खेला जा सकेगा।

मैच टाई रहने पर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का मुकाबला यदि टाई रहता है तो विजेता का ऐलान सुपर ओवर के आधार पर किया जाएगा। यदि सुपर ओवर भी बराबरी पर रहता है तो फिर से सुपर ओवर तब तक खेला जाएगा जब तक कि स्पष्ट तौर पर विजेता सामने नहीं आ जाए। यहां यह भी ध्यान रखने की वाली बात है कि बाउंड्री की संख्या के आधार पर विजेता टीम के निर्धारण करने के पिछले नियम को हटा दिया गया है।

दोनों दिन बारिश होने पर

यदि निर्धारित तिथि (9 मार्च) के अलावा रिजर्व डे (10 मार्च) को भी बारिश होती है तो दोनों टीमों को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा। हालाकि दुबई में निर्धारित और रिजर्व डे पर बारिश की संभावना बेहद कम है।

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2002 के फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें पहुंची थी। लगातार दो दिन बारिश होने के चलते फाइनल मैच रद्द कर दिया गया था और भारत और श्रीलंका को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था।

Updated on:
6 Mar 2025, 7:12 PM IST
Published on: