क्रिकेट

IND vs NZ: न्यूजीलैंड की धरती पर अब तक सिर्फ 5 मैच जीत पाई है टीम इंडिया, पहले ही दौरे पर 3 मैचों में मारी थी बाजी

India Tour of New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से टेस्ट सीरीज शुरू होगी। न्यूजीलैंड की धरती पर भारत का टेस्ट रिकॉर्ड अब तक खास नहीं रहा है। 11 टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया सिर्फ दो बार जीत हासिल कर पाई है। जानें दोनों टीमों के बीच अब तक का पूरा रिकॉर्ड।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 1:17 PM IST
Team India
भारतीय टेस्ट टीम (फोटो- IANS)

India vs New Zealand Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाएगा। यह 12वां मौका है, जब न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम टेस्ट सीरीज खेलने आई है। इससे पहले खेली गई 11 टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को सिर्फ दो बार जीत मिली है।

पहले ही दौरे पर टीम इंडिया ने रचा इतिहास

टीम इंडिया पहली बार 1968 में न्यूजीलैंड दौरे पर आई थी, जहां चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया हार गई और सीरीज बराबरी पर आ गई। हालांकि, अगले दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की और 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।

इसके बाद टीम इंडिया 1975 में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने आई, जो 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई। 1981 में टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज 1-0 से हार गई, तो 1990 की सीरीज भी भारतीय टीम 1-0 से हार गई। 1994 में न्यूजीलैंड में सिर्फ एक मैच खेला गया, जो ड्रॉ रहा।

2009 में 33 साल बाद टीम इंडिया को मिली जीत

इसके बाद भारतीय टीम 1999 में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने आई, जिसे न्यूजीलैंड ने 1-0 से जीत लिया। 2003 में भारतीय टीम ने 2-0 से सीरीज गंवाई, तो 2009 में भारतीय टीम ने 33 साल बाद न्यूजीलैंड की सरजमीं पर कोई मैच जीता और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। इसके बाद 2014 में भारतीय टीम फिर से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज 1-0 से हार गई। 2019 में भारतीय टीम को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 65 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से टीम इंडिया को 22 में जीत मिली है। लेकिन न्यूजीलैंड की सरजमीं पर भारतीय टीम ने सिर्फ पांच मुकाबले जीते हैं। न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को अपने घर में 10 बार हराया है, जबकि 10 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पहले फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच ही टक्कर हुई थी, जहां न्यूजीलैंड ने शानदार जीत हासिल कर इतिहास रचा था।

Updated on:
10 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: