
IND vs NZ Tie ODI Match Story: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा। यह वही मैदान है, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच इकलौता टाई मुकाबला खेला गया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 130 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 63 में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है, जबकि 52 बार न्यूजीलैंड को सफलता मिली है। एक मुकाबला टाई हुआ है और वह मैच ऑकलैंड में ही साल 2014 में खेला गया था।
उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 314 रन बनाए। मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट चटकाए, तो भुवनेश्वर कुमार, वरुण आरोन और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक सफलता मिली। 315 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 39, शिखर धवन 28, विराट कोहली 6, अजिंक्य रहाणे 3 और सुरेश रैना 31 रन बनाकर आउट हो गए। टीम इंडिया ने सिर्फ 146 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। 184 रन के कुल स्कोर पर महेंद्र सिंह धोनी भी पवेलियन लौट गए।
लेकिन इसके बाद रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने मिलकर न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अश्विन ने 46 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेल डाली, जबकि जडेजा ने 45 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे। जब भारतीय टीम ने 36वें ओवर में 184 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, तो वहां से जीत मुश्किल लग रही थी, क्योंकि अगले 14 ओवर में पुछल्ले बल्लेबाजों से 130 रन की उम्मीद करना बड़ी बात थी। और वह भी सिर्फ 14 ओवर में।
लेकिन रविंद्र जडेजा ने पहले रविचंद्रन अश्विन के साथ बेहतरीन साझेदारी की। अश्विन 269 के कुल स्कोर पर आउट हुए। उसके बाद भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए। भारतीय टीम ने 286 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे और यहां से टीम इंडिया की हार लगभग तय नजर आ रही थी।
लेकिन उसके बाद रविंद्र जडेजा ने मैच की कहानी पलट दी। 49वें ओवर में रविंद्र जडेजा ने एक छक्का लगाया और फिर आखिरी ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर मैच को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। आखिरी गेंद पर टीम इंडिया को जीत के लिए दो रन चाहिए थे, लेकिन यहां जडेजा से चूक हो गई। हालांकि, उन्होंने एक रन लेकर मैच टाई कर दिया। इस मुकाबले में भले ही भारतीय टीम जीत नहीं पाई, लेकिन जडेजा ने जिस तरह मैच टाई कराया था, वह किसी जीत से कम नहीं था। मैच के बाद धोनी ने भी रविंद्र जडेजा की जमकर तारीफ की थी।