
IND vs NZ ODI Series 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से खेली जाएगी। इस सीरीज में टीम इंडिया अपने घर में मिली पिछले साल 2-1 से हार का बदला लेना चाहेगी, तो वहीं न्यूजीलैंड की टीम भारत को हराकर दुनिया की नंबर वन टीम बनना चाहेगी। फिलहाल भारतीय टीम 115 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वनडे टीम रैंकिंग (ODI Latest Team Ranking) में पहले स्थान पर है, तो न्यूजीलैंड 109 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। साउथ अफ्रीका तीसरे, पाकिस्तान चौथे और ऑस्ट्रेलिया पांचवें स्थान पर है।
बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात की जाए तो टॉप-10 में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का दबदबा है, तो वहीं न्यूजीलैंड का सिर्फ एक बल्लेबाज इसमें जगह बना पाया है। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं, तो वहीं विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर हैं। केएल राहुल इस लिस्ट में दसवें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन वह शुभमन गिल से रेटिंग पॉइंट्स के मामले में काफी पीछे हैं।
टीम इंडिया के अन्य बल्लेबाजों की बात की जाए तो श्रेयस अय्यर 18वें स्थान पर हैं, तो ईशान किशन 60वें स्थान पर हैं। अगर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की बात की जाए तो मार्क चैपमैन 64वें स्थान पर हैं, तो माइकल ब्रेसवेल 60वें स्थान पर हैं। डेवोन कॉनवे 48वें और टॉम लैथम 49वें स्थान पर हैं। विल यंग 40वें, ग्लेन फिलिप्स 33वें और रचिन रवींद्र 29वें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों की बात की जाए तो यहां टॉप-10 में सिर्फ टीम इंडिया का एक ही गेंदबाज शामिल है और वह कुलदीप यादव हैं, जो पांचवें स्थान पर हैं। जबकि न्यूजीलैंड का भी सिर्फ एक ही गेंदबाज इसमें शामिल है, जो मिचेल सेंटनर हैं और वह कुलदीप यादव से आगे चौथे स्थान पर हैं।
भारतीय टीम अगर 5 मैचों की वनडे सीरीज को 3-2 से जीत ले तो रैंकिंग में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। टीम इंडिया पहले स्थान पर बनी रहेगी और न्यूजीलैंड का दूसरा स्थान भी बरकरार रहेगा। हालांकि न्यूजीलैंड की टीम 3-2 से सीरीज जीत ले तो भी रैंकिंग पर फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन रेटिंग प्वाइंट्स का अंतर कम हो जाएगा। न्यूजीलैंड अगर शुरुआती तीन मुकाबलों में भारतीय टीम को हरा देती है, तो वह 113 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर पहुंच जाएगी, जबकि भारत 110 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। हालांकि, आखिरी दो मैच जीतकर भारतीय टीम फिर से पहले स्थान पर आ सकती है।