टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जा रहा है।
IND vs NZ, T20 World Cup Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला शुरू हो चुका है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम टॉस हार गई है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यानी लगातार दूसरे नॉकआउट मैच में टीम इंडिया को लक्ष्य डिफेंड करना होगा। भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है, तो वहीं न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11 में मैकॉन्जी की जगह जैकब डफी को शामिल किया गया है।
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।
टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और जैकब डफी।
भारतीय टीम का यह चौथा टी20 वर्ल्ड कप फाइनल है। इससे पहले टीम इंडिया तीन बार फाइनल खेल चुकी है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में उतरी है। दोनों ही टीमें इस बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अब मैदान पर प्रदर्शन के जरिए ट्रॉफी अपने नाम करने की कोशिश करेंगी। भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है, जबकि न्यूजीलैंड की नजर अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप खिताब पर है।
पहले राउंड में भारतीय टीम ग्रुप A में थी, जहां उन्होंने पाकिस्तान समेत 4 टीमों को मात दी और सुपर 8 में जगह बना ली। सुपर 8 के पहले मुकाबले में उसे हार झेलनी पड़ी लेकिन जिम्बाब्वे को हराकर टीम ने अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखीं, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ डू ऑर डाई मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अंतिम 4 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हाई स्कोरिंग मुकाबले में मात दी और खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली।
न्यूजीलैंड ने भी अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। हालांकि वो साउथ अफ्रीका से एक मुकाबला हार गई लेकिन सुपर 8 में पहुंचने में सफल रही। सुपर 8 में भी कीवी टीम की शुरुआत निराशाजनक रही और पहला ही मैच बारिश से धुल गया। इसके बाद सिर्फ एक मैच जीतकर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंची और साउथ अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया। ये कीवी टीम का दूसरा टी20 वर्ल्डकप में खिताबी मुकाबला है।