
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेला गया सीरीज का दूसरा मैच भारत ने एकतरफा तरीके से जीता। भारतीय युवा स्पिनरों के सामने दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम मात्र 118 रनों पर ढेर हो गई। जिसे भारत ने एक विकेट खोकर आसानी से बना लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त कायम कर ली है। साथ ही अफ्रीकी सरजमीं पर भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। जो क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है। इस मैच के बाद दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान एडिन मार्कराम ने कहा कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। आज हमें अपने आप से ईमानदार रहना होगा।
तीसरे वनडे की तैयारी में दो दिन- मार्कराम
कप्तान मार्कराम ने कहा कि उनकी टीम के पास भारत के खिलाफ होने वाले तीसरे वनडे की तैयारी के लिए सिर्फ दो दिनों तक का समय है। भारत के खिलाफ खेली जा रही छह वनडे मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैच हार कर मेजबान टीम 0-2 से पीछे है। गौरतलब हो कि नियमित कप्तान फाफ डु प्लेसिस के चोटिल होने के कारण एडिन मार्कराम टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि केपटाउन में होने वाले मैच के लिए कुछ ही दिन है जो अच्छी बात नहीं है। कुछ खिलाड़ियों को जिनमें मैं भी शामिल हूं आगे आकर अच्छा करना होगा। हमें सकारात्मक रहने की जरूरत है। कप्तान ने आगे कहा हम केपटाउन में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अब हार नहीं पचा सकते। अब हमें अपने अंदर से सर्वश्रेष्ठ निकालना पड़ेगा।
विराट ने गेंदबाजों की तारीफ की
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने रविवार को चाइनामैन कुलदीप यादव और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की तारीफ करते हुए दोनों को शानदार गेंदबाज बताया है। कोहली ने कहा कि भुवी और बुमराह ने हमें अच्छी शुरुआत दिलाई। हमने दक्षिण अफ्रीका को ज्यादा आगे नहीं जाने दिया। स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान ने कहा कि इस तरह से जीत हासिल करने से जाहिर सी बात है खुशी होगी। हमने जो सुबह सोचा था वही सब हमने सही तरह से किया। हमें पता था कि पिच पर घांस नहीं होगी। अगर विकेट तेज गेंदबाजों की मददगार होती तो यह मैच कोई भी जीत सकता था। हमारे पास तेज गेंदबाज भी हैं।
चहल और यादव की शानदार गेंदबाजी
डरबन में खेले गए पहले वनडे में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से मात दी। वहीं रविवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत ने नौ विकेट से जीत हासिल की। दूसरे वनडे में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव ने आपस में आठ विकेट लेकर मेजबान टीम को 118 रनों पर ही ढेर कर दिया था। चहल ने अपने वनडे करियर में पहली बार पांच विकेट लिए तो कुलदीप ने अपनी फिरकी में तीन बल्लेबाजों को फंसाया।