क्रिकेट

IND vs SL: दूसरे दिन श्रीलंकाई स्पिनर्स के जाल में फंसे टीम इंडिया के 6 बल्लेबाज, आखिरी 33 ओवर में गिरे 7 विकेट

IND vs SL: भारतीय टीम ने गॉल टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट गंवाकर 460 रन बना लिए हैं। श्रीलंकाई स्पिनर्स ने दूसरे दिन 108 रन देकर 6 बल्लेबाजों को आउट किया।
2 min read
Aug 16, 2026
Sri Lanka Cricket Team
श्रीलंका क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

IND vs SL 1st Test Day 2 Highlights: गॉल में खेले जा रहे भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दूसरे दिन टीम इंडिया के 7 बल्लेबाज आउट हुए, जिसमें से 6 विकेट स्पिनर्स के नाम रहे और 1 विकेट तेज गेंदबाज ने लिया। खेल के पहले दिन श्रीलंका के सिर्फ प्रभात जयसूर्या को एक विकेट मिला था, जबकि यशस्वी जायसवाल रनआउट होकर पवेलियन लौटे थे। खेल के दूसरे दिन श्रीलंकाई स्पिनर्स ने शानदार वापसी की और 108 रन देकर 6 विकेट चटकाए। पहले दिन उन्होंने 205 रन दिए थे और सिर्फ एक विकेट हासिल कर पाए थे।

आखिरी 33 ओवर में गिरे 7 विकेट

टीम इंडिया ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए हैं। दूसरे दिन का पहला सेशन बारिश के चलते पूरी तरह से धुल गया, जिसके बाद भारत ने दूसरे सेशन में 21 ओवर बल्लेबाजी की, जिसमें 76 रन देकर 3 विकेट गंवाए, जबकि तीसरे सेशन में 22 ओवर खेलते हुए 96 रन जुटाकर 4 विकेट गंवाए। कुल मिलाकर दूसरे दिन 43 ओवर के खेल में भारतीय टीम ने 172 रन बनाकर 7 विकेट गंवाए।

पडिक्कल-राहुल ने खेली शानदार पारियां

टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी जोड़ी के तौर पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 47 रन जुटाए। जायसवाल 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने केएल (82) राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़े। कप्तान शुभमन गिल के साथ पड्डिकल ने 39 रन जोड़े। इस पारी में गिल 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद पड्डिकल ने ऋषभ पंत के साथ 71 रन जुटाकर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया।

पंत 5 बाउंड्री के साथ 39 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पड्डिकल ने ध्रुव जुरेल के साथ 38 रन जोड़े। पड्डिकल अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक चूक गए। उन्होंने 230 गेंदों में 1 छक्के और 15 चौकों के साथ 167 रन की पारी खेली।

इसके बाद मानव सुथार ने ध्रुव जुरेल के साथ 55 रन जोड़े। जुरेल 68 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सुथार ने 24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। दिन का खेल खत्म होने तक कुलदीप यादव (12) और प्रसिद्ध कृष्णा (1) नाबाद थे। श्रीलंका की तरफ से प्रभात जयसूर्या सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि केशरा नुवंथा ने 3 विकेट निकाले हैं। इनके अलावा, 1 विकेट असिथा फर्नांडो के हाथ लगा है।

Updated on:
16 Aug 2026 07:24 pm
Published on:
16 Aug 2026 07:03 pm