क्रिकेट

IND vs SL: गॉल टेस्‍ट के आखिरी दिन मौसम फेर सकता है भारत की उम्‍मीदों पर पानी, जानें हर घंटे कितनी बारिश का पूर्वानुमान

IND vs SL 1st Test Day 5 Weather: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्‍ट में भारत काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। टीम इंडिया को अब पहला टेस्‍ट जीतने के लिए सिर्फ 6 विकेट की दरकार है। लेकिन, इससे पहले 19 अगस्‍त को गॉल के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। एक्‍यूवेदर ने बुधवार को 75 प्रतिशत बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
2 min read
Aug 18, 2026
SL vs IND 1st Test Day 5, Galle Weather,
बारिश के दौरान गॉल इंटरनेशनल स्‍टेडियम का नजारा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

IND vs SL 1st Test Day 5 Weather Update: श्रीलंका के दौरे पर भारतीय टीम अब पहले टेस्‍ट में जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी है। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत ने आखिरी दिन मेजबान टीम के सामने 372 रनों का लक्ष्‍य रखा। चौथे दिन का खेल खत्‍म होने तक श्रीलंका ने 4 विकेट के खोकर 84 रन बना लिए। अब उसे आखिरी दिन जीत के लिए 288 रन की दरकार है। वहीं, भारत को सिर्फ 6 विकेट हासिल करने हैं। इस टेस्ट के अब तक सभी चारों दिन बारिश ने खलल डाला है। अब सभी की नजरें मैच के साथ आखिरी दिन 19 अगस्‍त को गॉल के मौसम पर टिकी रहने वाली हैं, क्‍योंकि पांचवें दिन भी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

4 दिन में 80 से ज्‍यादा ओवर चढ़े बारिश की भेंट

बता दें कि गॉल टेस्‍ट में शुरुआत से लेकर अभी तक कोई ऐसा दिन नहीं गया है, जिस दिन बारिश ने खलल नहीं डाली हो। यही वजह है कि अब तक सभी चारों दिन 80 से ज्‍यादा ओवर बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं। ऐसे में फैंस को दुआ करनी होगी कि पांचवें दिन कम से कम दो सेशन का खेल तो हो जाए, अगर ऐसा नहीं हुआ तो टीम इंडिया के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। आपको बता दें कि बुधवार को एक्‍यूवेदर ने करीब 75 प्रतिशत बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

पांचवें दिन पहले सेशन के दौरान बारिश की ज्‍यादा संभावना

बता दें कि गॉल टेस्ट के पांचवें दिन का खेल 15 मिनट पहले सुबह 9.45 बजे से शुरू होगा। एक्यूवेदर की रिपोर्ट की मानें तो सुबह के पहले सेशन के दौरान ज्‍यादा बारिश होने के आसार हैं। सुबह 10 बजे बारिश की संभावना करीब 49 प्रतिशत है, जो 11 बजे बढ़कर 52 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। दोपहर 12 बजे सबसे ज्‍यादा 58 से 60 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। इसका मतलब है कि पहला सेशन पूरी तरह से बारिश से धुल सकता है। ये भारतीय टीम के लिहाज से अच्‍छी खबर नहीं है।

दूसरे सेशन के बाद करवट ले सकता है मौसम

आखिरी दिन जहां पहला सेशन धुल सकता है, तो दूसरे सेशन ले बारिश की संभावना कम होती जाएगी, जो शाम छह बजे तक 25 प्रतिशत तक रह जाएगी। अगर, एक्‍यूवेदर का पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो कम से कम 50 से 60 ओवर का खेल हो सकता है और ये भारतीय टीम को छह विकेट निकालने के लिए काफी हो सकते हैं।

गॉल टेस्ट के आखिरी दिन हर घंटे बारिश की संभावना

समयबारिश की संभावना
सुबह 9 बजे39%
सुबह 10 बजे49%
सुबह 11 बजे52%
दोपहर 12 बजे58%
दोपहर 1 बजे25%
दोपहर 2 बजे20%
दोपहर 3 बजे20%
शाम 4 बजे20%
शाम 5 बजे20%
शाम 6 बजे25%
Updated on:
18 Aug 2026 08:53 pm
Published on:
18 Aug 2026 08:53 pm