क्रिकेट

IND vs SL: श्रीलंका को 284 पर ऑलआउट करने के बावजूद ड्रा हो जाएगा गॉल टेस्ट, WTC फाइनल की उम्मीदों पर मंडराया खतरा?

तीसरे दिन की समाप्ति तक 178 रन की बढ़त बनाने के बावजूद यह मैच ड्रा होता दिखाई दे रहा है। इसकी बड़ी वजह बारिश है। चौथे दिन का खेल भी बारिश से प्रभावित होता हुआ दिख रहा है।
2 min read
Aug 17, 2026
ind vs sl 1st test galle 2026
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट में बार - बार बारिश हो रही है (Photo: IANS)

Sri Lanka vs India, 1st Test Day 4 Weather report: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीन दिन का खेल पूरा हो चुका है। हालांकि इस मैच में अबतक दो दिन का खेल भी ढंग से नहीं हो पाया है और बार - बार बारिश मैच को वधित कर रही है।

तीसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने श्रीलंका के खिलाफ मजबूत पकड़ बना ली है। अपनी पहली पारी में 462 रन बनाने के बाद भारत ने श्रीलंकाई टीम को सिर्फ 284 रन पर समेटकर 178 रन की बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंकाई पारी समाप्त होने के बाद खराब मौसम के चलते आगे का खेल नहीं हो सका और दिन की समाप्ति की घोषणा कर दी गई।

चौथे दिन भी बारिश का खतरा

178 रन की बढ़त बनाने के बावजूद यह मैच ड्रा होता दिखाई दे रहा है। इसकी बड़ी वजह बारिश है। चौथे दिन का खेल भी बारिश से प्रभावित होता हुआ दिख रहा है। एक्यूवेदर के मुताबिक गॉल में 18 अगस्त को पूरे दिन बारिश की संभावना है। यहां मंगलवार को बारिश की संभावना 73 प्रतिशत है। इसका मतलब यह है कि अगर बारिश लंबे समय तक नहीं भी होती है, तो रुक-रुककर होने वाली बारिश मैच के लिए उपलब्ध ओवरों को लगातार कम कर सकती है। यही भारत के लिए सबसे बड़ी परेशानी है।

मैच का हाल

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की। जायसवाल 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

इसके बाद पड्डिकल ने ऋषभ पंत के साथ 71 रन जुटाए। इनके अलावा, मानव सुथार और ध्रुव जुरेल के बीच 55 रन की साझेदारी भी हुई। इस पारी में भारत के लिए पड्डिकल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 16 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 167 रन बनाए, जबकि पंत ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। ध्रुव जुरेल ने 68 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 51 रन की पारी खेली। मेजबान टीम की तरफ से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि केशरा नुवानथा ने 3 विकेट और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 284 रन पर ढेर हो गई। इस टीम को दूसरी गेंद पर निशान फर्नांडो (0) के रूप में शुरुआती झटका लगा। उस समय तक श्रीलंका का खाता भी नहीं खुला था। यहां से विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि महज 90 के स्कोर तक श्रीलंका ने अपने 5 विकेट खो दिए थे।

इसके बाद, सोनल दिनुशा ने निरोशन डिकवेला के साथ छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 'दोहरे शतक' के पार पहुंचा दिया। निरोशन 115 गेंदों में 7 चौकों के साथ 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि सोनल ने 6 बाउंड्री के साथ 100 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारतीय खेमे से मानव सुथार ने 21.4 ओवरों में 76 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 शिकार किया।

Updated on:
17 Aug 2026 07:30 pm
Published on:
17 Aug 2026 07:30 pm