17 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भारत-श्रीलंका टेस्‍ट में अचानक हुई पाकिस्तानी अंपायर की एंट्री, जानें आखिर क्या है मामला

IND vs SL: गॉल में खेले जा रहे भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट मैच के बीच अचानक ऑस्‍ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर की जगह पाकिस्‍तानी अंपायर अहसान रजा को मैदान पर उतार दिया गया है। आखिर इसके पीछे की असल वजह क्‍या है? आइये आपको भी बताते हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Aug 17, 2026

IND vs SL, Pakistani umpire Ahsan Raza,

पाकिस्‍तानी अंपायर अहसान रजा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/AraDogar)

India vs Sri Lanka 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच जारी दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच के बीच एक ऐसी घटना हुई, जिससे हर कोई हैरान है, क्‍योंकि ऐसा शायद ही हुआ कि मैच के बीच अचानक मैदानी अंपायर को बदलना पड़ा हो। रविवार को दूसरे दिन के तीसरे सेशन में ऑस्‍ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर मैदान पर नहीं उतरे थे। वहीं, अब सोमवार को तीसरे दिन भी वह नहीं आए, बल्कि उनकी जगह पाकिस्‍तानी अंपायर अहसान रजा उनकी मैदानी अंपायर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके पीछे की असल वजह अब जाकर सामने आई है।

अचानक पाकिस्‍तानी अंपायर को क्‍यों सौंपी जिम्‍मेदारी?

बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और अंपायर रॉड टकर की तबीयत खराब है। इस वजह से वह अंपायरिंग के लिए मैदान पर नहीं आ सके हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के चलते पाकिस्‍तानी अंपायर अहसान रजा मैदानी अंपायर की भूमिका में हैं, जो इस मैच में टीवी अंपायर का रोल निभा रहे थे। आयोजकों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी है।

अब शरफुद्दौला सैकत के साथ अहसान रजा मैदानी अंपायर

क्रिकबज की एक रिपोर्ट में गॉल टेस्‍ट के आयोजकों के हवाले से बताया गया है कि रॉड टकर सोमवार अंपायरिंग नहीं कर रहे हैं। उनके स्‍थान पर पाकिस्‍तानी अंपायर अहसान रजा को मैदान पर उतारा गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टकर की तबीयत खराब है। इसी कारण वह दूसरे दिन के तीसरे सेशन में भी अंपायरिंग नहीं कर सके थे। अब इस मैच में बांग्‍लादेश के शरफुद्दौला सैकत के साथ अहसान रजा मैदानी अंपायर की भूमिका निभा रहे हैं।

श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौटी

बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने अपनी पारी में 462 रन बनाए हैं। भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल ने सर्वाधिक 167 रनों की शानदार पारी खेली है। उनके अलावा केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रनों अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। वहीं, श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या 4 विकेट, केशरा नुवांथा ने 3 विकेट और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए हैं।

मेजबान श्रीलंका को अपनी पहली पारी में बेहद खराब शुरुआत मिली है। वह लंच तक 28 ओवर में 99 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा चुकी है। फिलहाल इस मुकाबले में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।