
शुभमन गिल ने हवा में छलांग लगाकर बाएं हाथ से पकड़ा कैच। (फोटो सोर्स: वीडियो स्क्रीन शॉट)
IND vs SL 1st Test Day 3 Highlights: गॉल टेस्ट में भारत अपनी पहली पारी में 462 के स्कोर पर ऑलआउट हुआ है। इसके जवाब में मेजबान श्रीलंका की पहली पारी में हालत बेहद ही खराब है। उसने तीसरे दिन के पहले सेशन में ही अपने शीर्ष 4 विकेट गंवा दिए हैं। उसका चौथा विकेट कामिंडू मेंडिस के रूप में गिरा, जिनका कैच भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पकड़ा। कामिंडू ने कुलदीप यादव की गेंद को एक्स्ट्रा कवर की तरफ चिप किया, जहां गिल पहले से ही चौकन्ने थे। गिल ने गेंद को देख सुपरमैन की तरह हवा में अपनी बाईं ओर डाइव लगाई और जमीन से कुछ इंच ऊपर से बाएं हाथ कैच कर लिया। उनका यह कारनामा देख श्रीलंकाई दर्शक भी हैरान नजर आए।
गॉल टेस्ट में श्रीलंका की पहली पारी की शुरुआत बहुत ही खराब रही। टीम का खाता भी नहीं खुला था कि मोहम्मद सिराज ने उसके सलामी बल्लेबाज निशान फर्नांडो को बगैर खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम को दूसरा झटका महज 27 के स्कोर पर मानव सुथार ने दिनेश चंडीमल को आउट करके दिया। चंडीमल 16 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ चार रन ही बना पाए।
श्रीलंका को तीसरा झटका 53 के स्कोर पर मानव ने लाहिरू उदारा को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट कराकर दिया। यह सुथार का दूसरा शिकार रहा। उदारा 44 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। श्रीलंका के खाते में छह रन ही जुड़े थे कि कुलदीप यादव की गेंद पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कामिंडू मेंडिस एक शानदार कैच पकड़ा। कामिंडू 25 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका को पांचवां बड़ा झटका 90 के स्कोर पर कप्तान धनंजय डी सिल्वा के रूप में रवींद्र जडेजा ने दिया। कप्तान 41 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे मेजबान टीम ने लंच तक पांच विकेट खोकर 99 रन बना लिए हैं। सोनल दिनुशा 14 और निरोशन डिकवेला 8 रन पर नाबाद हैं। वहीं, भारत की ओर से मानव सुथार ने दो विकेट लिए हैं, तो वहीं, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया है।
Updated on:
17 Aug 2026 12:20 pm
Published on:
17 Aug 2026 11:55 am
