क्रिकेट

IND vs SL: दूसरे दिन के पहले 21 ओवर पड़े टीम इंडिया पर भारी, श्रीलंकाई गेंदबाजों ने की शानदार वापसी

India vs Sri Lanka 1st Test: गॉल टेस्ट के दूसरे दिन बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए भारत के तीन विकेट जल्दी हासिल कर लिए। चाय तक भारत ने 5 विकेट गंवाकर 364 रन बना लिए।
2 min read
Aug 16, 2026
ind vs sl 1st test galle
भारत बनाम श्रीलंका गॉल टेस्ट (फोटो- IANS)

IND vs SL 1st Test Update: गॉल में खेले जा रहे भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के दूसरे दिन बारिश की वजह से मैच काफी देर से शुरू हुआ। इस दौरान 21 ओवर के बाद ही चाय ब्रेक लेना पड़ा और इस दौरान भारत ने 50 रन के अंतराल में अपने तीन विकेट गंवा दिए। सबसे पहले ऋषभ पंत 81वें ओवर में आउट हुए, तो केएल राहुल 85वें ओवर में पवेलियन लौटे। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 92वें ओवर में पवेलियन लौट गए। पहले दिन विकेट के तरसने वाले श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी की है।

नुवंथा ने चटकाए 2 विकेट

पंत ने जहां अपने पहले दिन के स्कोर में 11 रन जोड़े, तो वहीं देवदत्त पडिक्कल 167 रन पर आउट हुए। पहले दिन रिटायर हर्ट होने वाले केएल राहुल, ऋषभ पंत के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए और 82 रन बनाकर केशरा नुवंथा की गेंद पर आउट हुए। ऋषभ पंत को भी नुवंथा ने ही आउट किया था, जबकि देवदत्त पडिक्कल को प्रभात जयसूर्या ने आउट किया। चाय के समय तक भारत ने 94 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 364 रन बना लिए थे। भारत ने 50 रन के अंतराल में अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, क्योंकि जब ऋषभ पंत आउट हुए तो भारतीय टीम का स्कोर 307 रन था और 357 के स्कोर पर ही टीम इंडिया के 5 विकेट हो गए।

पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला था। सिर्फ दो विकेट गंवाकर भारत ने 288 रन बनाए थे। हालांकि, दूसरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी की है और सिर्फ 21 ओवर फेंककर भारत के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया है।

पहले दिन के खेल का हाल

इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। खेल के पहले दिन भारत ने यशस्वी जायसवाल के रूप में पहला विकेट गंवाया तो शुभमन गिल के रूप में दूसरा विकेट गंवाया। इस दौरान केएल राहुल 77 रन के स्कोर पर अचानक चाय के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। पहले दिन 73 ओवर का खेल हुआ, जिसमें भारत ने 288 रन बनाए थे। पडिक्कल शतक बनाकर नाबाद थे तो पंत 28 रन बना चुके थे।

Updated on:
16 Aug 2026 04:39 pm
Published on:
16 Aug 2026 04:39 pm