क्रिकेट

IND vs SL: श्रीलंका तीसरे दिन 265/8, पसिंदु के बाद सोनल दिनुशा की नाबाद फिफ्टी ने बचाई लाज, फॉलोआन का खतरा बरकरार

IND vs SL 2nd Test Day 3: कोलंबो में भारत के पहली पारी में 503 रन के जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन पसिंदु सोरियाबंदरा और सोनल दिनुशा के अर्धशतकों के दम पर 8 विकेट खोकर 265 रन बना लिए हैं। हालांकि अभी भी उस पर फॉलोआन खेलने का खतरा मंडरा रहा है।
2 min read
Aug 25, 2026
IND vs SL 2nd Test Day 3, Lahiru Kumara and Mohammed Siraj,
लाहिरू कुमारा से बातचीत करते मोहम्‍मद सिराज। (फोटो सोर्स: cricinfo )

IND vs SL 2nd Test Day 3 Highlights: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला जा रहा दूसरा टेस्‍ट अब बेहद ही रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी दूसरे दिन 503/3 के स्‍कोर पर घोषित की थी। इसके जवाब में तीसरे दिन 8/2 के स्‍कोर से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम ने स्‍टंप तक 8 विकेट गंवाकर 265 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। वह अभी भी भारत से 238 रन पीछे है और उस पर फॉलोआन खेलने का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि श्रीलंकाई टीम एक समय 173 के स्‍कोर पर सात विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन यहां से सोनल दिनुशा ने एक छोर संभालते हुए नाबाद 85 रन बनाते हुए पारी को संभाला। अब यह देखना दिलचस्‍प होगा कि चौथे दिन भारतीय टीम उसे फॉलोआन टालने से पहले रोक पाती है या नहीं।

तीसरे दिन खराब शुरुआत के बाद संभली श्रीलंका

तीसरे दिन मंगलवार को 8/2 के स्‍कोर से आगे खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मेजबान टीम को तीसरा झटका पहले सेशन में ही प्रसिद्ध कृष्‍णा ने 35 के स्‍कोर पर कामिल मिशारा को महज 19 रन के निजी स्‍कोर पर विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराकर दिया। इसके बाद पसिंदु सोरियाबंदरा का साथ देने कामिंडू मेंडिस मैदान पर उतरे। इन दोनों ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। 122 के स्‍कोर पर कामिंडू 32 रन की पारी खेलते हुए प्रसिद्ध का तीसरा शिकार बने।

पसिंदु ने खेली 80 रन की पारी

इसके बाद एक एक छोर पसिंदु ने संभाले रखा तो दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और एक समय श्रीलंका की टीम का स्‍कोर सात विकेट के नुकसान पर 173 रन पर पहुंच गया। यहां से मेजबान टीम 200 के भीतर सिमटती नजर आ रही थी, लेकिन फिर सोनल दिनुशा ने एक छोर संभालते हुए श्रीलंकाई पारी को 8 विकेट के नुकसान पर 265 के स्‍कोर तक पहुंचाया। पसिंदु ने 133 गेंदों का सामना करते हुए 80 रन की पारी खेली।

शतक के करीब सोनल

वहीं, सोनल दिनुशा 137 गेंदों पर 85 रन और लाहिरू कुमारा 50 गेंदों पर 8 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे हैं। सोनल अब अपने शतक से सिर्फ 15 रन दूर हैं। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्‍णा और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं।

Updated on:
25 Aug 2026 06:01 pm
Published on:
25 Aug 2026 05:39 pm