
IND vs SL 2nd Test Day 5: भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट चौथे दिन तक भारत की मुट्ठी में था, लेकिन आखिरी दिन अकेले सोनल दिनुषा ने मैच का रुख पलटकर रख दिया। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल के लिहाज से भारत के लिए कोलंबो टेस्ट जीतना बेहद जरूरी था, लेकिन ऐसा होना अब संभव नहीं है। अब यह मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन जिस तरह से पांचवें और आखिरी दिन भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरसे हैं, उसे देखकर कुलदीप यादव की कमी खल रही है। माना जा रहा है कि कुलदीप को बाहर करना भारतीय टीम मैनेजमेंट को काफी महंगा पड़ा है।
कुलदीप यादव कोलंबो टेस्ट से बाहर कर उनकी जगह सारांश जैन को को खेलने का मौका दिया गया। क्योंकि गॉल में कुलदीप दो पारियों में सिर्फ एक विकेट ले सके थे। कप्तान शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट के टॉस के दौरान कहा था कि कुलदीप को वायरल इंफेक्शन के चलते बाहर किया गया है। जबकि कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुलदीप ठीक हैं। इसके बाद उन्हें बाहर करने को लेकर सवाल भी उठाए गए।
भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कुलदीप को बाहर करने का फैसला मेरा नहीं था। मुझे लगता है कि गॉल टेस्ट में उन्हें कुछ भूमिका निभाने को कहा गया था, जो हमारे लिए एक कठिन टेस्ट साबित हुआ। अब सवाल यह उठता है कि यह फैसला आखिर किसका था? हेड कोच गौतम गंभीर या फिर कप्तान शुभमन गिल। चाहे उन्हें बाहर करने का फैसला किसी का भी रहा है, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि कोलंबो टेस्ट के आखिरी दिन उनका अनुभव काफी काम आ सकता था।
कुलदीप यादव की जगह दूसरे टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग 11 में शामिल हुए सारांश जैन भारत की पहली पारी में सिर्फ 6 रन बना सके। इसके बाद श्रीलंका की पहली पारी में उन्होंने 20.4 ओवरों में 69 रन देकर 2 विकेट लिए। सारांश ने लाहिरू कुमारा और सोनल दिनुशा को आउट किया। वहीं, दूसरी पारी में जब सारांश से स्पिन लेते विकेट पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, तब वह असफल रहे। वह 37 ओवर में अब तक सिर्फ एक विकेट ही हासिल कर सके हैं और मैच अब ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है।