क्रिकेट

IND vs SL: कोलंबो में टीम इंडिया का बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाली बन गई WTC इतिहास की पहली टीम

India vs Sri Lanka 2nd Test Update: कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने 400 रन का आंकड़ा पार करते ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा बार 400 प्लस स्कोर करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारत ने पहली पारी 503/9 पर घोषित की, जबकि श्रीलंका ने दिन का खेल खत्म होने तक 8 रन पर 2 विकेट गंवा दिए।
2 min read
Aug 25, 2026
IND vs SL 2nd Test Colombo
कोलंबो टेस्ट में जश्न मनाती हुई टीम इंडिया (फोटो- IANS)

Team India WTC Record: कोलंबो में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने दो विकेट खोकर 8 रन बना लिए थे। इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी थी। दूसरे दिन तक भारतीय टीम की स्थिति काफी मजबूत है और इस दिन भारतीय टीम ने बड़ा कारनामा कर दिया। टीम इंडिया ने जैसे ही 400 के आंकड़े को पार किया, वह टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा बार 400 के आंकड़े को पार करने वाली पहली टीम बन गई।

27वीं बार पार किया 400 का आंकड़ा

साल 2019 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत हुई थी और उसके बाद से सबसे ज्यादा बार भारतीय टीम ने 400 प्लस के आंकड़े दर्ज किए हैं। इस मैच से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें इस मामले में बराबरी पर थीं। दोनों टीमें 26 बार यह कारनामा कर चुकी थीं, लेकिन जैसे ही कोलंबो में भारतीय टीम ने 400 के आंकड़े को छुआ, भारतीय टीम 27वीं बार यह कारनामा करते हुए ऑस्ट्रेलिया से आगे निकल गई। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड की टीम है, जिसने 23 बार यह कारनामा किया है।

प्लेइंग 11 में हुआ एक बदलाव

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया में एक बदलाव किया गया है। कुलदीप यादव फीवर की वजह से इस मैच में नहीं खेल सके और उनकी जगह सारांश जैन को डेब्यू करने का मौका मिला। टीम इंडिया की शुरुआत मिली-जुली रही और 66 रन पर भारत ने दो विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद से शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और टीम को 180 के पार पहुंचा दिया। पडिक्कल ने फिर से शतक जड़ दिया। यह लगातार दूसरे मैच में उनका दूसरा शतक है।

इसके बाद से ऋषभ पंत ने 63 रन की पारी खेली, तो रवींद्र जडेजा ने 43 रन बनाए। ध्रुव जुरेल 115 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने पिछले बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम इंडिया को 307 से लेकर 503 तक पहुंचाया। 489 के स्कोर पर मोहम्मद सिराज आउट हो गए थे। उसके बाद से प्रसिद्ध कृष्णा के साथ ध्रुव जुरेल ने 14 रन की पार्टनरशिप की और जैसे ही भारतीय टीम का स्कोर 500 के पार पहुंचा, शुभमन गिल ने पारी घोषित कर दी।

उसके बाद से श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में लाहिरू उदारा को प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद तीसरे ओवर की आखिरी गेंद यानी दूसरे दिन की आखिरी गेंद पर प्रभात जयसूर्या को मानव सुथार ने पवेलियन की राह दिखा दी। भारतीय टीम अभी भी 495 रन से आगे है।

Updated on:
25 Aug 2026 09:34 am
Published on:
25 Aug 2026 09:34 am