
India vs Sri Lanka Test Series 2026: रविवार को देवदत्त पडिक्कल ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 150 के आंकड़े को छूटे ही इतिहास रच दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 150 या इससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पडिक्कल से पहले यह कारनामा सिर्फ राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा ने किया है। द्रविड़ ने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में 177 रनों की दमदार पारी खेली थी। जबकि पुजारा ने 2017 में 153 रन की पारी खेल ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे।
पहले टेस्ट के दूसरे दिन पडिक्कल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 215 गेंदों में 150 रन के आंकड़े को छू लिया। वह 167 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया। पडिक्कल के इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत टीम इंडिया ने मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पडिक्कल की यह सिर्फ चौथी टेस्ट पारी थी। इससे पहले उन्होंने 3 पारियों में एक अर्धशतक लगाया था लेकिन वह पिछले 2 साल से प्लेइंग 11 से बाहर थे।
इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शानदार शुरुआत की लेकिन जायसवाल 32 के स्कोर पर रनआउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिकल ने मोर्चा संभाला। राहुल 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल 16 रन बनाकर आउट हो गए। पडिक्कल ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर 113 गेंदों में 71 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने टेस्ट के पहले रिटायर हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटने वाले केएल राहुल के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया।
पंत 62 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए, तो केएल राहुल अपना शतक पूरा नहीं कर सके और वह 175 गेंदों में 82 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद पडिक्कल को प्रभात जयसूर्या ने आउट किया। वह 167 रन की पारी खेल पवेलियन लौटे। दूसरे दिन चायकाल तय भारतीय टीम ने 357 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।