क्रिकेट

IND vs SL: दूसरी पारी में श्रीलंका ने पहले ओवर में कर दिया पलटवार, यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट

India vs Sri Lanka, Galle Test: गॉल टेस्ट के चौथे दिन भारत को दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल के रूप में शुरुआती झटका लगा, लेकिन केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभाल ली।
2 min read
Aug 18, 2026
SL vs IND 1st Test Galle
जायसवाल के विकेट का जश्न मनाते श्रीलंकाई खिलाड़ी (फोटो- IANS)

IND vs SL 1st Test Day 4 Update: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। 178 रन की लीड हासिल करने वाली भारतीय टीम को दूसरी पारी में खाता खुलने से पहले ही झटका लग गया। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 0 पर आउट हो गए। जायसवाल को असिथा फर्नांडो ने निरोशन डिकवेला के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई, जिससे श्रीलंका को वह शुरुआत मिल गई जिसकी वह उम्मीद कर रहे थे।

राहुल-पडिक्कल ने संभाली पारी

इसके बाद से केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने मिलकर टीम इंडिया की पारी को संभाल लिया और अगले 12 ओवर तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। आपको बता दें कि पहली पारी में भारतीय टीम ने 462 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। केएल राहुल और जडेजा ने भी अर्धशतक जमाया था। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी, जिससे टीम इंडिया को 178 रन की बढ़त हासिल हुई थी। टीम इंडिया के लिए मानव सुथार ने चार विकेट चटकाए थे, तो रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट हासिल किए थे।

2 दिन में रिजल्ट के लिए चाहिए 20 विकेट

अब दो दिनों में 20 विकेट गिरने के बाद ही मैच का नतीजा तय होगा और जिस तरीके से गॉल की पिच खेलती है, उस टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। क्योंकि चौथी पारी या पांचवें दिन यहां बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है। अगर टीम इंडिया 300 के आसपास का भी लक्ष्य देती है तो श्रीलंका पर काफी दबाव होगा। शुरुआत में यशस्वी जायसवाल के विकेट ने टीम इंडिया की टेंशन जरूर बढ़ाई थी, लेकिन केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने शुरुआती झटके से टीम इंडिया को उबार लिया।

टीम इंडिया अगर यह मैच जीत लेती है तो उसके लिए WTC के फाइनल की राह थोड़ी आसान हो जाएगी लेकिन अगर मैच ड्रॉ होता है या टीम इंडिया हार जाती है तो शुभमन गिल एंड कंपनी के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी। फिलहाल टीम इंडिया अंक तालिका में 5वें स्थान पर है, तो श्रीलंका छठे स्थान पर है। इस मैच के बाद टीम इंडिया के पास 8 मैच बचे होंगे।

Updated on:
18 Aug 2026 11:04 am
Published on:
18 Aug 2026 11:04 am