
India vs Sri Lanka 2nd Test Update: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल जारी है, जहां श्रीलंका के सोनल दीनूशा ने शानदार शतक जड़ दिया है। वह लगातार दूसरे मैच में भारत के खिलाफ शतक जड़ने वाले श्रीलंका के आठवें बल्लेबाज बन गए। आखिरी बार एंजलो मैथ्यूज ने साल 2015 में यह कारनामा किया था। उससे पहले थरंगा परनाविताना ने 2010, महेला जयवर्धने ने 2001 और सनथ जयसूर्या ने 1997 में लगातार दो-दो शतक लगाए हैं। हालांकि, 1997 में अरविंद डिसिल्वा ने 3 टेस्ट मैचों में चार शतक लगाकर बड़ा कारनामा किया था। कुमार संगकारा ने 2009 में खेले गए टेस्ट सीरीज में लगातार तीन मैचों में तीन शतक जड़े थे। इस लिस्ट में सोनल दीनूशा ने भी जगह बना ली है।
गॉल टेस्ट में भी सोनल ने शानदार शतक की पारी खेली थी। यही नहीं, वह शतक जड़ते ही पहले दो टेस्ट में लगातार दो शतक जड़ने वाले दुनिया के आठवें बल्लेबाज बन गए हैं। वेस्टइंडीज के एवर्टन वीक्स ने 1948 में पहली बार यह कारनामा किया था। उसके बाद वेस्टइंडीज के गारफील्ड सोबर्स ने 1958, जहीर अब्बास ने 1978, दिलीप मेंडिस ने 1982, रॉबिन स्मिथ ने 1996, जेसी राइडर ने 2009 और अब सोनल दीनूशा ने 2026 में यह कारनामा किया।
इस मुकाबले में सोनल दीनूशा की पारी की बदौलत श्रीलंका की टीम फॉलोऑन टालने की करीब पहुंची लेकिन 13 रन से दूर रह गई। श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई। आखिरी विकेट सोनल के रूप में गिरा, जो 103 रन बनाकर सारांश जैन का शिकार हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी थी, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरा शतक जमाया, तो वहीं ध्रुव जुरेल ने भी नाबाद शतकीय पारी खेली थी। अब भारतीय टीम के पास 213 रन की बढ़त हो गई है। सोनल के शतक के बावजूद टीम इंडिया का प्लान सफल हो गया है। टीम इंडिया चौथे दिन श्रीलंका को दोबारा बैटिंग के लिए बुलाना चाहती थी, जिसमें वो सफल रहे।
टीम इंडिया ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को बुरा तरह मात दी थी और अब दूसरे टेस्ट में भी जीत की दहलीज पर खड़ी नजर आ रही है। इस मैच को जीतते ही भारतीय टीम अपना WTC स्टैंडिंग में जीत प्रतिशत भी बेहतर कर लेगी, साथ ही चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी।