
Yashasvi Jaiswal-Asitha Fernando Controversy: कोलंबो में खेले जा रहे भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और आसिता फर्नांडो के बीच तीखी बहस देखने को मिली। बाद में ICC ने एक्शन लेते हुए दोनों पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगा दिया। भारतीय क्रिकेटर की जमकर आलोचना हो रही है, तो वहीं आसिता फर्नांडो भी इससे बचे नहीं हैं। यह वही आसिता फर्नांडो हैं, जो इससे पहले विराट कोहली से पंगा ले चुके हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के ठीक बाद भारतीय टीम में गंभीर के कोचिंग का एरा शुरू हुआ और भारतीय टीम श्रीलंका पहुंची। उस सीरीज में भारतीय टीम को 1997 के बाद श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज के आखिरी मुकाबले में आसिता फर्नांडो ने शुभमन गिल को आउट करने के बाद विराट कोहली से पंगा ले लिया था। जवाब में विराट कोहली ने उन्हें आंख दिखाई थी। बाद में कोहली ने बल्ले से भी जवाब दिया था और तीन छन्नाटेदार चौके लगाए थे। हालांकि, कोहली सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए थे, जिसमें उन्होंने 18 गेंदों का सामना किया था।
उस मुकाबले में भारतीय टीम को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 248 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 26.1 ओवर में 138 रन पर ढेर हो गई थी। दुनिथ वेलालागे ने पांच विकेट झटके थे और भारतीय बल्लेबाजी क्रम की पूरी तरह से कमर तोड़कर रख दी थी। तीन मैचों की वनडे सीरीज को श्रीलंका ने 2-0 से जीत लिया था और 27 साल बाद उसने भारतीय टीम को वनडे सीरीज में हराया था। सीरीज का पहला मुकाबला टाई हुआ था और आगे के दोनों मैच श्रीलंका के जीत लिए थे।
कोलंबो के सिंहलेज स्टेडियम में यशस्वी जायसवाल को आउट करने के बाद असिता फर्नांडो ने कुछ ऐसा कहा, जिसके बाद यशस्वी जायसवाल बर्दाश्त नहीं कर पाए और भिड़ गए। हालांकि, बाद में ICC के एक्शन की वजह से मैच फीस का 25% जुर्माना तो लगा ही, साथ ही दोनों के खिलाफ एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया। हालांकि, इस टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम की पकड़ मजबूत है, तो वहीं श्रीलंका लगातार दूसरी हार से बचने की कोशिश में लगी है।