क्रिकेट

IND vs SL XI: आखिरी ओवर में 4 छक्के जड़ने के बाद गुरनूर बराड़ को नहीं मिला बैटिंग का मौका, टीम इंडिया की पहली पारी घोषित

IND vs SL XI Warm Up Match Update: श्रीलंका XI के खिलाफ वॉर्म अप मैच के दूसरे दिन के आखिरी ओवर में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गुरनूर बराड़ ने 4 छक्के जड़ दिए। हालांकि इसके बाद वह आगे बल्लेबाजी नहीं कर पाए क्योंकि टीम इंडिया ने पारी घोषित कर दी।
2 min read
Aug 09, 2026
Gurnoor Brar
गुरनीर बराड़ और देवदत्त पडिक्कल (फोटो- IANS)

India vs Sri Lanka Warm Up Match: भारतीय टीम ने वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन 357 रनों के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 357 रन बना लिए थे। उस समय गुरनूर बराड़ 18 गेंदों में 36 रन और देवदत्त पडिक्कल 142 रन बनाकर नाबाद थे। पडिक्कल ने अपनी शतकीय पारी में 18 चौके लगाए, वहीं गुरनूर बराड़ ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और 4 छक्के जड़े तथा 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। आखिरी ओवर में लगाए गए 4 छक्कों के बाद उम्मीद थी कि तीसरे दिन भी उनकी बल्लेबाजी देखने को मिलेगी, हालांकि ऐसा नहीं हुआ और कप्तान केएल राहुल ने पारी घोषित कर दी।

सिराज ने की घातक गेंदबाजी

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत करते हुए दूसरी पारी में श्रीलंका को शुरुआती झटके दिए। मोहम्मद सिराज ने जहां रविंदु रसांता को LBW आउट किया, वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने पसिंदु सूरियाबंडारा को 4 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। आठ ओवर का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 26 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद सिराज ने शुरुआती स्पेल में घातक गेंदबाजी की और अपने पहले तीन ओवर मेडन फेंकते हुए 1 विकेट चटकाया।

पंत-जायसवाल ने किया निराश

यह वॉर्म-अप मैच का आखिरी दिन है। पहली पारी में श्रीलंका ने 363/8 पर अपनी पारी घोषित की थी। दूसरी पारी में भारत के 357 रनों के बाद श्रीलंका को पहली पारी के आधार पर 6 रनों की बढ़त मिली। भारतीय टीम के लिए जहां देवदत्त पडिक्कल ने शानदार नाबाद शतकीय पारी खेली और रविंद्र जडेजा ने अर्धशतक जमाया, वहीं ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने निराश किया। जुरेल जहां सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, वहीं ऋषभ पंत ने 2 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल खाता भी नहीं खोल सके।

भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा, जो गॉल में भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। टीम इंडिया ने 2008 के बाद श्रीलंका के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं गंवाया है।

Updated on:
09 Aug 2026 11:28 am
Published on:
09 Aug 2026 11:01 am