क्रिकेट

IND vs WI: जस्टिन ग्रीव्स के शतक की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने भारत के सामने रखा 296 रन का लक्ष्य, अब नजरें रोहित-विराट पर

IND vs WI 1st ODI Score: वेस्‍टइंडीज ने जस्टिन ग्रीव्‍स के शतक के दम पर भारत के सामने 296 रन का लक्ष्‍य रखा है। अब भारतीय फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली से बड़ी उम्‍मीदें हैं, जो लंबे समय बाद क्रीज पर नजर आएंगे।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
IND vs WI 1st ODI, Kuldeep Yadav and Virat Kohli,
कुलदीप यादव के साथ विकेट का जश्‍न मनाते विराट कोहली। (फोटो सोर्स: cricinfo)

IND vs WI 1st ODI Score Highlights: भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच तीन मैचों वनडे सीरीज का पहला मैच रविवार को तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम एक समय 350 के आसपास के स्‍कोर तक पहुंचती नजर आ रही थी, लेकिन कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी के चलते वह निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 295 रन ही स्‍कोर बोर्ड पर लगा सकी। विंडीज की ओर से जहां सलामी बल्‍लेबाज जॉन कैंपबेल ने 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, दूसरे ओपनर जस्टिन ग्रीव्‍स ने 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। जबकि भारत की ओर से कुलदीप यादव ने अपने 10 ओवर के स्‍पेल में महज 40 रन खर्चते हुए चार बल्‍लेबाजों को पवेलियन भेजा।

जस्टिन-जॉन ने दमदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज की टीम को सलामी बल्‍लेबाज जस्टिन ग्रीव्‍स और जॉन कैंपबेल ने दमदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी हुई। इस विकेट लिए भारत में ये विंडीज की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। कैंपबेल 60 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 62 रन बनाकर कुलदीप यादव का पहला शिकार बने।

कुलदीप यादव ने कराई भारत की वापसी

वेस्‍टइंडीज को दूसरा झटका 176 के स्‍कोर पर केसी कार्टी के रूप में लगा। कार्टी 31 गेंदों पर मजह 13 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्‍णा का शिकार हुए। इसके बाद विंडीज को तीसरा झटका 195 के स्‍कोर पर शे होप के रूप में लगा। वह 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर कुलदीप यादव का दूसरा शिकार बने। वेस्‍टइंडीज का स्‍कोर 35.3 ओवर में 198 पर ही पहुंचा था कि कुलदीप ने जस्टिन ग्रीव्‍स और फिर ज्‍वेल एंड्रयू को लगातार दो गेंदों पर आउट कर दो बड़े झटके दिए और विपक्षी टीम को बड़े स्‍कोर से रोक दिया।

आमिर जंगू ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

विंडीज को छठा झटका 250 के स्‍कोर पर रोस्‍टन चेज के रूप में लगा। वह 32 गेंदों पर 24 बन बनाकर प्रसिद्ध का दूसरा शिकार बने। इसके बाद 288 के स्‍कोर पर नीतीश रेड्डी ने मैथ्‍यू फोर्ड के रूप में विपक्षी टीम को सातवां झटका दिया। वेस्‍टइंडीज की टीम इस तरह निर्धारित 50 ओवर में 295 रन ही स्‍कोर बोर्ड पर लगा सकी। आमिर जंगू 43 गेंदों पर सात चौके और एक छक्‍के की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

Updated on:
27 Sept 2026 06:14 pm
Published on:
27 Sept 2026 05:56 pm